महाविद्यालय में चिकित्सीय संकाय में 171 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 93 भरे हैं। पैराचिकित्सकीय के 267 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 82 भरे हैं। कांग्रेस विधायक जगबीर मलिक ने कहा कि सरकार जल्दी विशेषज्ञ डॉक्टरों के खाली पद भरे। कॉलेज में ओपीडी 5-6 हजार से कम होकर एक-डेढ़ हजार रह गई है।
हाट गांव में बनेगा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र
स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि सरकार जींद जिले के हाट गांव में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र का नया भवन बनाएगी। इसके निर्माण के लिए प्रशासकीय स्वीकृति दे दी है। इसके निर्माण पर करीब 640.85 लाख रुपये लागत आने का अनुमान है। निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होने की उम्मीद है।
करनाल, अंबाला में भी क्या 95 प्रतिशत पद खाली : गांगोली
कांग्रेस विधायक सुभाष गांगोली ने सफीदों में डॉक्टरों के 95 प्रतिशत पद खाली होने पर स्वास्थ्य मंत्री से पूछा कि क्या अंबाला, करनाल और जगाधरी में भी यही स्थिति है। इस पर अनिल विज ने कहा कि उनकी सरकार के लिए पूरा हरियाणा एक समान है, इसलिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर चिकित्सकों को समान रूप से नियुक्ति दी जाएगी। शीघ्र ही 500-600 डॉक्टर्स की भर्ती करेंगे।
जयंती देवी मंदिर के सामने बनेगा सामुदायिक केंद्र और पार्क
अनिल विज ने कहा कि जींद के जयंती देवी मंदिर के सामने सामुदायिक केंद्र व पार्क विकसित करने हेतु 124 कनाल 4 मरले भूमि की पहचान की गई है। भूमि का स्वामित्व बागवानी विभाग के पास है। इस संबंध में नगर परिषद जींद ने 17 फरवरी, 2021 को जिला बागवानी अधिकारी को पत्र लिखा है, जिसमें भूमि हस्तांतरित करने का अनुरोध किया है।
जमीन हंस्तांतरित होने, पशुपालन व डेयरी विभाग द्वारा अस्थायी नंदीशाला को नए स्थान पर स्थानांतरित करने के बाद नगर परिषद सामुदायिक केंद्र व पार्क को लेकर आगामी कार्रवाई करेगी। बरवाला में नगर पालिका के नए भवन निर्माण पर करीब 230 लाख रुपये खर्च का प्रस्ताव है। औपचारिकताएं पूरी होने और फंड की उपलब्धता होने के बाद निर्माण कार्य शुरू करवा देंगे।