जजपा विधायक देवेंद्र बबली ने टोहाना नागरिक अस्पताल में चिकित्सकों व विशेषज्ञ चिकित्सकों की कमी को पूरा करने के लिए स्वास्थ्य मंत्री विज से सवाल पूछा था। विज ने बताया कि जब भर्ती होगी तो सबसे पहले चिकित्सकों की नियुक्ति उनके अस्पताल में की जाएगी। इस पर बबली ने कहा कि सरकार भर्तियां क्यों नहीं कर रही, लोगों को उनके क्षेत्र के अस्पताल में इलाज नहीं मिल पा रहा। सरकार डॉक्टर नियुक्त करने की अपनी घोषणाएं तो पूरा करे।
पीएचसी का होगा नवीनीकरण
विज ने बताया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हसनपुर, होडल के भवन के नवीनीकरण का प्रस्ताव प्रक्रिया में है। फतेहाबाद शहर में 200 बिस्तर के अस्पताल का निर्माण जल्द शुरू होगा। 14.75 एकड़ भूमि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने उपलब्ध करवाई है। अस्पताल की ड्राइंग का अनुमोदन किया जा चुका है।
सभी विभागीय औपचारिकताएं पूरी होने के बाद सेक्टर-9, फतेहाबाद में नए भवन का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। जिला नागरिक अस्पताल, अंबाला शहर में चिकित्सा अधिकारियों के 55 पद स्वीकृत हैं, जिनमें से 46 पदों पर चिकित्सक कार्यरत हैं। सात चिकित्सा अधिकारी जिला नागरिक अस्पताल, अंबाला शहर से बाहर प्रतिनियुक्ति पर हैं।