अंबाला के साहा कस्बा में राज्य का दूसरा प्रौद्योगिकी केंद्र स्थापित किया जाएगा। इसके लिए 20 एकड़ भूमि अधिगृहित कर केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेज दिया गया है। उपमुख्यमंत्री ने विधानसभा में बताया कि केंद्रीय एमएसएमई मंत्रालय की एक राज्य में एक प्रौद्योगिकी केंद्र खोलने की योजना है। लेकिन, हरियाणा सरकार ने केंद्र सरकार से अनुरोध कर दूसरा प्रौद्योगिकी केंद्र साहा में खोलने का प्रस्ताव रखा है। इससे पहले 11 सितंबर 2018 को आईएमटी, रोहतक में एमएसएमई प्रौद्योगिकी केंद्र की स्थापना की जा चुकी है।
चौपालों को आधुनिक बनाने के लिए मैचिंग ग्रांट बढ़ाएंगे
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि पंचायत विभाग गांव की चौपालों को आधुनिक करने के लिए मैचिंग ग्रांट बढ़ाएगा। उप मुख्यमंत्री ने विधानसभा में बुधवार को यह बात कही। उन्होंने कहा कि पूर्व उप प्रधानमंत्री चौधरी देवीलाल ने अपने मुख्यमंत्री काल में हरियाणा में चौपालों के लिए मैचिंग ग्रांट देने की शुरूआत की थी।
राज्य में कुछ बड़ी पंचायतें अपने फंड से आधुनिक सामुदायिक केंद्र बना रही हैं। सरकार पंचायतों को आत्मनिर्भर बनाना चाहती है ताकि छोटी सरकार कही जाने वाली ग्राम पंचायत अपनी मर्जी के अनुसार गांव में विकास कार्य करवा सकें। मैचिंग ग्रांट में बढ़ोतरी कर सरकार कम्युनिटी सेंटर परंपरा को आगे बढ़ाने को प्रोत्साहन देगी।
बीपीएल की वार्षिक आय सीमा 1.80 लाख
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने विधानसभा में कहा कि बीपीएल की वार्षिक आय सीमा बढ़ाने का कोई विचार नहीं है। सरकार पहले ही बीपीएल परिवार के लिए किसी भी सदस्य की वार्षिक आय सीमा दिसंबर 2019 में 1.20 लाख रुपये से बढ़ाकर 1.80 लाख रुपये कर चुकी है।