हरियाणा सरकार प्रदेश में युवतियों को दोपहिया वाहनों की निशुल्क ट्रेनिंग भी दिलाएगी। ताकि सड़कों पर उनकी ड्राइव सेफ रहे। इसके साथ-साथ उन्हें ऑटोमोटिव फील्ड में भी जाने के लिए प्रेरित किया जाएगा। हरियाणा कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग युवतियों के लिए ये व्यवस्था करवाएगा। इसके लिए विभाग दो कंपनियों से एमओयू भी साइन कर चुका है।
प्रदेश में रोड सेफ्टी के तहत सरकार चाहती है कि युवतियों की ड्राइव सड़कों पर और सेफ रहे। विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव टीसी गुप्ता के अनुसार इस संदर्भ में सरकार ‘हीरो मोटोकॉर्प लिमिटेड’ व यूनाईटेड नेशनस की एजेंसी ‘यूनाइटेड नेशनस डेवलेपमेंट प्रोग्राम’ के साथ दो एमओयू हस्ताक्षर कर चुकी है। उन्होंने बताया कि लड़कियों को दोपहिया वाहन चलाने का प्रशिक्षण देने के तहत दोपहिया वाहनों के बारे में तकनीकी कौशल के लिए भी कोर्स करवाया जाएगा, इससे लड़कियों में आत्मविश्वास बढ़ेगा।
टीसी गुप्ता ने बताया कि एक अन्य कोर्स के जरिये युवतियों का रुझान ऑटोमोटिव सेक्टर की ओर भी बढ़ाया जाएगा। इसके तहत अब हरियाणा की अंबाला स्थित आटीआई में लड़कियों को दोपहिया वाहनों का तकनीकी कौशल सिखाया जाएगा। यह कोर्स करने के बाद लड़कियां किसी वाहनों के शोरूम, कंपनी आदि में जॉब कर सकेंगी तथा अपनी रिपेयरिंग की दुकान भी खोल सकेंगी।
इसी प्रकार लड़कियों को दोपहिया वाहन चलाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि राज्य की दस महिला आईटीआई में दोपहिया वाहन चलाने के प्रशिक्षण केंद्र खोले जाएंगे। ये केंद्र भिवानी, कैथल, चरखी दादरी, डूमरखां, जींद, फिरोजपुर झिरका, कुरूक्षेत्र, कालका, टोहाना व बहादुरगढ़ स्थित महिला राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में खोले जा रहे हैं।