एक लाख आय वालों के कटे कनेक्शन जोड़ने की तैयारी
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश के अति गरीब परिवारों के लिए जिनके बिजली के कनेक्शन कट गए हैं उनको बड़ी राहत प्रदान करते हुए अंत्योदय ऊर्जा सुरक्षा योजना की घोषणा की गई है। इस योजना के तहत अंत्योदय परिवार, जिनकी सालाना आय एक लाख रुपये से कम है और बिजली बिलों की बकाया राशि के कारण उनके बिजली के कनेक्शन कट चुके हैं, ऐसे परिवारों की मूल बकाया राशि का 50 प्रतिशत राशि माफ कर तुरंत बिजली के कनेक्शन तुरंत दिए जाएंगे। ऐसे परिवारों को मूल राशि का 50 प्रतिशत या अधिकतम एक साल का औसतन बिजली बिल, जो भी कम हो, उतनी राशि जमा कराकर कनेक्शन जुड़वा दिया जाएगा।
उदाहरण के तौर पर अगर किसी परिवार का औसतन सालाना बिजली बिल 8000 या 10000 रुपये बनता है और उनकी कुल बकाया राशि 6000 रुपये है तो इस 6000 रुपये की राशि में से 3000 रुपये ऐसे परिवारों से लिया जाएगा और अगर किसी का बिल 20000 से ज्यादा है तो एक साल का 10000 रुपये वही राशि ली जाएगी। इस राशि को भी किस्तों में अगले बिलों में जोड़ कर लिया जाएगा।
वर्ष के अंत तक प्रदेश के सभी गांवों में मिलेगी 24 घंटे बिजली
मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का पहला ऐसा राज्य है जहां ग्रामीण क्षेत्र के अंदर 80 प्रतिशत गांवों में 24 घंटे बिजली मिल रही है। वर्ष 2014 में 105 गांव में बिजली आपूर्ति होती थी लेकिन हमारे प्रयासों के फलस्वरूप आज 5694 गांवों को 24 घंटे बिजली मिल रही है और इस वर्ष के अंत तक बाकी बचे गांवों में भी 24 घंटे बिजली आपूर्ति के दायरे में लेकर आएंगे।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में जो लाइन लोस 34 प्रतिशत था वह घटकर 11 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 61500 नए टयूबवेल बिजली कनेक्शन जारी किए हैं। इसके अलावा कुसुम योजना के तहत भी 50 हजार से अधिक सोलर बिजली कनेक्शन प्रदान किए गए हैं।