हरियाणा में नवंबर तक पांच हजार गांवों को 24 घंटे बिजली शेड्यूल की श्रेणी में लाया जाएगा। अभी तक 4463 गांव इस शेड्यूल के दायरे में आ चुके हैं। जबकि 60 गांव को इसी महीने एक शेड्यूल पर डाल दिया जाएगा। यानी 4523 गांव में जुलाई शुरुआत तक 24 घंटे बिजली मिलना शुरू हो जाएगी। शेष गांव के लिए बिजली निगम ने नवंबर तक का टारगेट रखा है।
लॉकडाउन खत्म होने के बाद हरियाणा बिजली वितरण निगम ने योजनाओं को रफ्तार देने का काम शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में म्हारा गांव-जगमग गांव योजना को भी तेजी से आगे बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार भी चाहती है कि हरियाणा दिवस यानी 1 नवंबर तक सूबे के पांच हजार गांवों में 24 घंटे बिजली मिले।
हरियाणा बिजली वितरण निगमों के एमडी शत्रुजीत कपूर ने बताया कि मुख्यमंत्री भी चाहते हैं कि योजना के तहत सभी गांवों में बेहतर और 24 घंटे शेड्यूल के तहत बिजली मिले। एमडी ने बताया कि अभी तक जो गांव 24 घंटे शेड्यूल के दायरे में आ चुके हैं। वहां साढ़े 23 घंटे से अधिक रोजाना बिजली सप्लाई दी जा रही है।