हरियाणा सरकार अपने कर्मचारियों व अधिकारियों की कार्यशैली में और अधिक दक्षता लाने व नवीन तकनीकों से प्रशिक्षित करने की योजना बना रही है। इसके लिए अगले दो वर्षों में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। इन सभी को आरंभिक प्रशिक्षण के साथ-साथ सर्विस के दौरान भी प्रशिक्षित किया जायेगा। इसके लिए हरियाणा लोक प्रशासन संस्थान (हिपा) एपेक्स प्रशिक्षण संस्थान होगा। इसकी तैयारी शुरू की जा चुकी हैं।
इस संदर्भ में हरियाणा की मुख्य सचिव केशनी आनंद अरोड़ा ने राज्य प्रशिक्षण परिषद की पहली बैठक भी ली। बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में मुख्य सचिव ने प्रशिक्षण देने के लिए सभी विभागाध्यक्षों को अगले दो दिनों में नोडल अधिकारी नियुक्त करने तथा एक सप्ताह में कर्मचारियों को दिये जाने वाले प्रशिक्षण संबंधित योजना को तैयार करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा, विभाग इन-हाउस प्रशिक्षण के लिए ‘मास्टर ट्रेनर्स’ की पहचान भी करें। उन्होंने सभी विश्वविद्यालयों को निर्देश दिये कि वे हिपा के साथ समन्वय स्थापित करें, ताकि उनके संस्थानों का प्रयोग प्रशिक्षण के लिए किया जा सके। उन्होंने कहा कि अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रशिक्षण केलिए कार्यरत एवं रिटायर्ड अधिकारियों को भी शामिल किया जाए। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण प्रकोष्ठ में एक वेब-पोर्टल भी तैयार किया जाएगा।
जिसमें प्रशिक्षण कार्यक्रमों की निगरानी, रिपोर्टिंग, प्रतिक्रिया, विश्लेषण संबंधित जानकारियां शामिल होंगी। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण के लिए रिर्सोस पर्सन भी बुलाये जाएंगे। प्रशिक्षण ऑनलाइन एवं ऑफलाइन माध्यम से दिया जाएगा। प्रशिक्षण के लिए हिपा में आडियो-वीडियो विंग स्टूडियो सहित स्थापित किया जाएगा। बैठक में बताया कि प्रशिक्षण प्राप्त कर्मचारियों की जानकारियां मानव संसाधन प्रबंधन प्रणाली (एचआरएमएस) में शामिल की जाएंगी। ताकि उनसे प्रशिक्षण की फीडबैक ली जा सके।