फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी के बाद हरियाणा में भी लव जिहाद के खिलाफ कानून बनाने पर विचार, गृह मंत्री अनिल विज ने किया ट्वीट

Sun, 01 Nov 2020 12:35 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
हरियाणा के गृहमंत्री अनिल विज। - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन

उत्तर प्रदेश के बाद हरियाणा में भी अब लव जिहाद के खिलाफ कानून बनाने पर विचार चल रहा है। इस बात की जानकारी हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने ट्वीट कर दी है। बता दें कि फरीदाबाद के बल्लभगढ़ में हुए निकिता तोमर हत्याकांड के बाद लव जिहाद का मामला भी गरमाया है। अनिल विज ने ट्वीट कर कहा कि हरियाणा में लव जिहाद के खिलाफ कानून बनाने पर विचार चल रहा है।

विज्ञापन


फरीदाबाद हत्याकांड की सुनवाई फास्ट ट्रैक में करवाने का निर्णय हरियाणा सरकार पहले ही ले चुकी है। इस बात की जानकारी भी गृह मंत्री विज ने दी थी। विज ने ट्वीट करते हुए लिखा था कि मामले के आरोपी को जल्द सजा मिलेगी। 

फरीदाबाद पुलिस को जल्दी से जल्दी चालान अदालत में पेश करने की हिदायत दी गई है। विज के अनुसार बल्लभगढ़ प्रकरण की जांच एसआईटी अब 2018 से करेगी। मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में दिन प्रतिदिन की जाएगी। हरियाणा के मुख्यमंत्री भी इस मामले में कह चुके हैं कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
विज्ञापन


धर्मांतरण को लेकर सरकार गंभीर
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने निकिता हत्या मामले पर पत्रकारों के सवालों के जवाब में कहा कि यह बेहद गंभीर मामला है। इसे धर्मांतरण से जोड़कर देखा जा रहा है। केंद्र सरकार और राज्य सरकारें ऐसे प्रावधान करने पर विचार कर रही हैं, ताकि ऐसा मामलों की पुनरावृत्ति न हो। कोई निर्दोष न फंसे लेकिन कोई दोषी बख्शा न जाए। इस पर कानूनी सलाह भी ली जा रही है।

लव जिहाद के एंगल से होगी जांच
हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि बल्लभगढ़ मामले की जांच 2018 से एसआईटी करेगी। क्योंकि 2018 में बेटी के अपहरण की शिकायत दर्ज करवाने के बाद ऐसी क्या नौबत आई कि परिजनों ने खुद ही शपथ पत्र देकर केस वापस ले लिया। उन्होंने कहा कि इस केस को भी पुनर्जीवित किया जाएगा। इतना ही नहीं विज ने यह भी साफ किया कि इस मामले की धर्म-परिवर्तन और लव जिहाद की दृष्टि से भी जांच करवाई जाएगी।

विज्ञापन

विज के निशाने पर कांग्रेस

बल्लभगढ़ मामले को लेकर अनिल विज कांग्रेस पर हमलावर हैं। उन्होंने कहा कि बल्लभगढ़ की घटना कांग्रेस के दबाव में हुई। आरोपी कांग्रेस नेताओं का रिश्तेदार है। कांग्रेस नेताओं के दबाव में ही 2018 में दर्ज करवाया मुकदमा परिजनों ने रद करवा दिया। 

किसी की दबंगई नहीं चलने दूंगा
गृहमंत्री ने कहा कि मैं एक बात साफ बता देना चाहता हूं कि मैं किसी की दबंगई नहीं चलने दूंगा। मैं सिसक-सिसक कर लड़कियों को मरने नहीं दूंगा। मैं इस प्रकार प्रदेश में किसी को दादागिरी करने नहीं दूंगा। जो भी यह लोग हैं, उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

निकिता हत्याकांड
बल्लभगढ़ थाना शहर इलाके के मिल्क प्लांट रोड स्थित अग्रवाल कॉलेज के सामने बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्रा निकिता तोमर का कार सवार दो युवकों ने अपहरण का प्रयास किया। इसमें नाकाम रहने पर एक युवक ने छात्रा को गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई थी। बता दें कि बीकॉम अंतिम वर्ष की छात्रा निकिता तोमर के साथ अपहरण की इसी तरह की वारदात को आरोपी साल 2018 में भी अंजाम दे चुका था।  यह मामला पूरे देश में सुर्खियों में रहा।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें