विधानसभा का शीतकालीन सत्र 15 दिसंबर से
विधानसभा का शीतकालीन सत्र 15, 18 और 19 दिसंबर को होगा। हालांकि सत्र की अवधि पर अंतिम मुहर बीएसी (बिजनेस एडवाइजरी कमेटी) की बैठक में लगेगी। साथ ही मंत्रिपरिषद ने सदन के विधायी कार्यों के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया है।
बकाया वैट की वसूली के लिए एकमुश्त समाधान योजना
मंत्रिमंडल ने जीएसटी से पहले के बकाया वैट के मामलों के निपटान के लिए एकमुश्त समाधान योजना को मंजूरी दी। इस योजना के तहत व्यापारियों को कर की पूरी राशि का एक साथ भुगतान करना होगा। इस पर सरकार व्यापारियों का ब्याज और जुर्माना माफ कर सकती है। हालांकि सरकार ने अभी पूरी योजना का खुलासा नहीं किया है। यह योजना दिसंबर से वित्तीय वर्ष के अंत तक पेश किए जाने की संभावना है। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। सूत्रों के अनुसार लगभग 30 हजार करोड़ रुपये की राशि बकाया है, जिसे वसूलने के लिए सरकार योजना लायी है।
जंगम-जोगी जाति अब जंगम
मंत्रिमंडल ने हरियाणा पिछड़ा वर्ग ब्लॉक-ए सूची में क्रम संख्या 31 पर जंगम-जोगी जाति शब्द को संशोधित कर जंगम करने को मंजूरी दे दी है। हरियाणा अनुसूचित जाति आयोग राज्य के ''नायक'' समुदाय को अनुसूचित जाति वर्ग की सूची में शामिल करने के लिए केंद्र को पत्र भेजेगा। केंद्र सरकार के निर्देशानुसार सरकार आगे की कार्यवाही करेगी।