हरियाणा सरकार ने हरियाणा अध्यापक पात्रता टेस्ट (एचटेट) के प्रमाण-पत्र की अवधि को बढ़ा दिया है। अब इसके प्रमाण पत्र की वैद्यता अवधि सात साल होगी। अभी तक यह 5 वर्ष थी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्कूल शिक्षा विभाग के प्रस्ताव को स्वीकृति दे दी है। जल्दी ही सरकार इसकी अधिसूचना जारी कर देगी। हरियाणा स्कूल शिक्षा बोर्ड भिवानी की ओर से एचटेट की परीक्षा ली जाती है।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि बीते दिनों हरियाणा अध्यापक पात्रता टेस्ट प्रमाण-पत्र की अवधि बढ़ाने के लिए बैठक आयोजित की गई थी। इसमें केंद्रीय अध्यापक पात्रता टेस्ट की तर्ज पर हरियाणा अध्यापक पात्रता टेस्ट के प्रमाण-पत्र की अवधि सीमा को 7 वर्ष करने का निर्णय लिया गया है। इस टेस्ट को आयोजित करने का उदेश्य शिक्षा के क्षेत्र में गिरते मापदंडों में सुधार कर गुणवत्तापरक शिक्षकों की तलाश करना है, ताकि देश व राज्य में शिक्षा की गुणवत्ता बनी रहे।
स्कूल शिक्षा बोर्ड वर्ष में एक बार एचटेट परीक्षा आयोजित करता है। प्रमाण पत्र की अवधि बढ़ने से हजारों युवाओं को फायदा होगा। जिन्होंने पूर्व में टेस्ट पास किया था और उनके प्रमाण पत्र की अवधि खत्म हो रही थी, सबसे अधिक फायदा उन्हें हुआ है। वे सरकार की ओर से स्कूल शिक्षा विभाग में निकाली जाने वाली भर्तियों में हिस्सा लेने के पात्र हो गए हैं। सरकार अगर प्रमाण पत्र अवधि नहीं बढ़ाती तो उन्हें दोबारा से एचटेट पास करना पड़ता। अब वे दो साल तक शिक्षक पद की भर्तियों के लिए पात्र हो गए हैं।