राशन वितरण में गड़बड़ी की आशंका और लगातार इस संदर्भ में मिल रही शिकायतों के मद्देनजर हरियाणा सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। अब राशन डिपो पर पहले की तरह बायोमेट्रिक सिस्टम से ही राशन बंटेगा। लाभार्थी राशन के लिए सोशल डिस्टेंसिंग प्रोटोकॉल का पालन करते हुए डिपो पर पहुंचेंगे और वहां मौजूद आधार लिंक्ड बायोमेट्रिक मशीन पर अपने अंगूठे या अंगुलियों का निशान देंगे। निशान मिलने के बाद ही अब उन्हें राशन वितरित किया जाएगा।
सॉफ्टवेयर में बदलाव, डीआरटी लाभार्थियों को भी बायोमेट्रिक से ही राशन मिलेगा
प्रदेश के बीपीएल, एएवाई और ओपीएच राशन कार्डधारकों के साथ-साथ शुरू की गई डिस्ट्रेस राशन टोकन (डीआरटी) स्कीम के तहत बिना राशन कार्ड वाले गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को भी अब राशन बायोमेट्रिक से ही मिलेगा। जबकि सरकार ने पहले इन लोगों को जारी किए गए टोकन पर ही राशन देने का निर्णय लिया था। 2 महीने के अंतराल राशन वितरण में गड़बड़ी की आशंका और शिकायतों के मद्देनजर सरकार को यह फैसला बदलना पड़ा है।
इसके लिए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग हरियाणा ने आंध्रप्रदेश, दिल्ली और चंडीगढ़ में एनआईसी मुख्यालयों के टेक्निकल निदेशकों को पत्र लिखकर राशन वितरण के दौरान मौजूदा बायोमेट्रिक सिस्टम के सॉफ्टवेयर में जरूरी बदलाव करने का आग्रह किया है।
एएवाई, बीपीएल और एपीएल लाभार्थियों का डाटा तो पहले से ही सॉफ्टवेयर में फीड था। मगर डीआरटी स्कीम के तहत बिना राशन कार्ड वाले लोगों का डाटा भी इससे अटैच हो जाएगा। सरकार ने जून तक डीआरटी के अंतर्गत बिना राशन कार्ड वाले 486124 परिवारों को टोकन जारी किया है। जिसके तहत 1293880 गरीब लोगों को राशन मिलेगा।