कोरोना महामारी के बढ़ते प्रकोप को रोकने के लिए हरियाणा सरकार ने प्रयास तेज कर दिए हैं। प्रदेश के अस्पतालों में निर्बाध बिजली आपूर्ति की जाएगी। किसी अस्पताल का फीडर बिना अनुमति के बंद नहीं कर सकेंगे। बिजली अधिकारियों को हिदायतें जारी कर दी गई हैं। आपातकालीन स्थिति में संपर्क के लिए फोन नंबर जारी किए हैं। स्वास्थ्य केंद्रों की आपूर्ति निरंतर रखी जाएगी। हर जिले में नियंत्रण कक्ष भी बना दिए गए हैं।
पंचकूला 98881-23472, पानीपत 93549-18979, अंबाला, 93547-26365, सोनीपत 93547-26402, कुरुक्षेत्र 93156-09787, रोहतक 93547-26582, यमुनानगर 93547-26363, झज्जर 93151-10304, कैथल 93547-26182, करनाल 93547-26290
हरियाणा में कोरोना का कहर बढ़ने लगा है। शनिवार को प्रदेश में 3541 नए मामले सामने आए और दो संक्रमितों की मौत हुई। गुरुग्राम, फरीदाबाद और पंचकूला में सबसे अधिक नए केस मिले हैं। रिकवरी दर घटने लगी है और प्रदेश में संक्रमण दर पूर्व की तुलना बढ़कर 5.30 फीसदी हो गई है। 8 जनवरी को ओमिक्रॉन का कोई नया संक्रमित नहीं मिला। हालांकि, कोराना के नए स्वरूप ओमिक्रॉन का संक्रमण डेढ़ फीसदी की दर से बढ़ रहा है।
मुख्यमंत्री मनोहर लाल रोजाना स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज व स्वास्थ्य विभाग के अफसरों से फीडबैक ले रहे हैं। उसके अनुसार ही आगामी रणनीति तय की जा रही है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को अलर्ट पर रखा हुआ है। महामारी के बीच वह डॉक्टरों को हड़ताल पर नहीं जाने देंगे। उनके पास स्वास्थ्य विभाग से डॉक्टरों की मांगों संबंधी फाइल स्वीकृति के लिए पहुंच चुकी है। मुख्यमंत्री का कहना है कि डॉक्टरों की मांगों को सहानुभूति पूर्वक पूरा करेंगे। आपदा के समय वे हड़ताल पर जाने का विचार मन में लाएं। यह मानवता की सेवा का समय है।