डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम को सजा के बाद हुई हिंसा व तोड़फोड़ से हुआ नुकसान सवा दो सौ करोड़ तक पहुंच गया है। पंजाब सरकार द्वारा पूर्व में ही 100 करोड़ का नुकसान बता दिया गया था और अब हरियाणा सरकार ने भी नुकसान का ब्योरा सौंपते हुए राशि को 120 करोड़ से अधिक बताया है।
हाईकोर्ट में समय की कमी के कारण याचिका पर पूरी सुनवाई नहीं हो सकी परंतु हरियाणा सरकार द्वारा सौंपी गई जानकारी पर अब हाईकोर्ट ने डेरा सच्चा सौदा से जवाब मांग लिया है। मामले की सुनवाई आरंभ होते ही हरियाणा सरकार द्वारा सौंपी गई अर्जी के माध्यम से नुकसान का ब्योरा सौंपा गया। कोर्ट में दी गई अर्जी के अनुसार हरियाणा में 18,29,37,977 रुपये की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया गया। राजस्व नुकसान के तौर पर 80,57,63,058 रुपये की राशि बताई गई तथा व्यवस्था के लिए खर्च 20,09,33,824 रुपये बताया गया। इस अर्जी पर हाईकोर्ट ने डेरा सच्चा सौदा को नोटिस जारी कर जवाब मांग लिया है।
इसके साथ ही डेरे की ओर से अर्जी दाखिल करते हुए इस याचिका पर ही सवाल उठा दिए गए। याचिका की मान्यता पर सवाल उठाते हुए डेरे के वकील ने याचिका खारिज करने की अपील की। हाईकोर्ट ने कहा कि वे इस अर्जी पर 6 फरवरी को सुनवाई करेंगे और फिर देखेंगे कि जनहित में क्या है।