भाजपा की ओर से आदमपुर से कुलदीप बिश्नोई या उनके बेटा भव्य बिश्नोई चुनाव लड़ेंगे, जबकि कांग्रेस प्रो. सिंह पर दांव खेलने की कोशिश में है। संपत सिंह ने नलवा से 2009 में पूर्व सीएम भजनलाल की पत्नी जसमा देवी को हराया था। उसके बाद से ही संपत सिंह और भजन लाल परिवार दोनों एक-दूसरे खिलाफ रहे हैं। गौर हो कि पूर्व वित्त एवं गृह मंत्री रहे संपत सिह 1980 से राजनीति में सक्रिय हैं। पिछले एक साल से उन्होंने राजनीतिक कार्यक्रमों से दूरी बनाई थी और दोबारा से वह सक्रिय होंगे।
दो पूर्व विधायकों समेत अन्य के भी कांग्रेस में शामिल होने की संभावना
प्रो. संपत सिंह के साथ-साथ दो पूर्व विधायकों और अन्य नेताओं के भी कांग्रेस में शामिल होने की संभावना है। सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा इसकी कमान संभाले हुए हैं। वह कांग्रेस छोड़ चुके नेताओं और पूर्व विधायकों से लगातार संपर्क साध रहे हैं और संगठन को मजबूती देने की कोशिश कर रहे हैं। संभावना है कि सोमवार को पूर्व विधायक प्रोफेसर रामभगत और राधेश्याम शर्मा भी शामिल हो सकते हैं। हालांकि, कांग्रेस की तरफ से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।