हरियाणा विधानसभा चुनाव में पीयू कैंपस के युवा नेताओं की भी अग्नि परीक्षा होगी। कैंपस व शहर के कॉलेजों में हरियाणा के करीब 20 हजार वोटर हैं और सभी पार्टियों ने खुद से जुड़े संगठनों को यह जिम्मेदारी दे रखी है कि इन वोटरों को पार्टी से जोड़ने का प्रयास करें।
यह काम नए के साथ-साथ पूर्व नेताओं को भी सौंपा गया है। इसमें जो कामयाब होंगे, उनका राजनीतिक कद भी ऊंचा होगा और भविष्य भी यहीं से तय होगा। इनसो के यूटी प्रेसिडेंट अनिल घनघस ने कहा कि हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए कैंपस और सभी कालेज में इनसो की स्टूडेंट विंग पूरी तैयारी में जुटी है।
लड़कियां भी कमेटी में शामिल
शहर के लगभग सभी कालेजों में राजनैतिक दलों की अलग-अलग स्टूडेंट विंग है, लेकिन इस बार चुनाव में अधिक फोकस लड़कियों पर है। सभी गर्ल्स कालेजों में हरियाणा पृष्ठभूमि से जुड़ी लड़कियों को एग्जीक्यूटिव कमेटी में शामिल किया गया है। सूत्रों के अनुसार, इनेलो की युवा विंग इनसो ने इस दिशा में काम करना शुरू कर दिया है। कुछ रोज पहले पीयू कैंपस में इनसो के नेशनल अध्यक्ष दिग्विजय के पीयू कैंपस में आयोजित प्रोग्राम में सभी कालेज में इनसो की युवा नेताओं से मुलाकात कराई गई।
हरियाणा के स्टूडेंट वोटर की बन रही लिस्ट
हरियाणा विधानसभा चुनाव में पीयू कैंपस और कालेजों में पढ़ रहे ऐसे स्टूडेंट की सूची तैयार की जा रही है, जिनका वोटर कार्ड हरियाणा के किसी जिले का बना हुआ है। एक छात्र नेता ने बताया कि चुनाव के दिन ऐसे स्टूडेंट को खास तौर पर छुट्टी मिलती है। वोट बैंक बढ़ाने के लिए चुनाव तक ऐसे वोटर से संपर्क बनाया जाएगा। हरियाणा के छात्र नेताओं को एक मंच पर लाने के लिए फेसबुक और सोशल साइट का सहारा भी लिया जा रहा है।
पूर्व नेता भी दिखने लगे कैंपस में
हरियाणा विधानसभा चुनाव से पहले सितंबर मध्य में पीयू छात्र काउंसिल चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में कैंपस में चुनावी माहौल बनने लगा है। छात्र काउंसिल चुनाव में हरियाणा की राजनैतिक पार्टियों की जीत-हार काफी असर डालेंगे। ऐसे में इस बार छात्र काउंसिल चुनाव को लेकर सभी छात्र संगठन काफी गंभीरता और सोच समझकर जीत की रणनीति में जुटे हैं। पीयू की राजनीति से जुड़े कई पूर्व छात्र नेता आजकल कैंपस में चक्कर लगने लगे हैं।