चंडीगढ़ में बुधवार को कोई नया केस सामने नहीं आया। मंगलवार का दिन भी राहत भरा रहा, वहीं एडवाइजर ने कर्फ्यू में ढील न देने की बात कही है। लक्षणों के आधार पर दो संदिग्ध मरीजों को भर्ती कराया गया है। जबकि एक दिन पहले लिए गए संदिग्ध मरीज की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
मंगलवार को कोरोना का कोई नया मामला सामने नहीं आया था।वहीं, पीजीआई, जीएमसीएच-32 और जीएमएसएच-16 में भर्ती 6 संदिग्ध मरीजों की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है, कुछ की आनी बाकी है। चंडीगढ़ में अब तक 58 संदिग्धों की जांच हो चुकी है, जिसमें से 7 में कोरोना की पुष्टि हुई है। 24 घंटे में कोरोना का कोई नया मामला सामने न आने से स्वास्थ्य विभाग के साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि यह लॉकआउट का प्रभाव है, इसलिए जरूरी है कि लोग जागरूक रहें और बचाव के निर्देशों का पालन करें।
इनकी रिपोर्ट आई निगेटिव
जीएमएसएच में भर्ती चंडीगढ़ निवासी 50 साल की महिला की रिपोर्ट निगेटिव आई है। पीजीआई में भर्ती 51 साल के अमेरिकन की रिपोर्ट भी निगेटिव है। चंडीगढ़ के 33 साल के संदिग्ध मरीज में भी कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, जीएमसीएच में भर्ती चंडीगढ़ निवासी 75 साल की महिला की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। नयागांव निवासी 32 साल के संदिग्ध मरीज की भी रिपोर्ट निगेटिव है। पीजीआई में भर्ती पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिले के 35 साल के संदिग्ध मरीज की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है।
चंडीगढ़ के एक कोरोना संक्रमित मरीज के संपर्क में आए जीएमसीएच में भर्ती एक पुरुष और एक महिला में भी कोरोना की पुष्टि नहीं हुई है। जीएमसीएच में भर्ती चंडीगढ़ निवासी 22 साल के संदिग्ध मरीज की भी रिपोर्ट निगेटिव है। जीएमसीएच में भर्ती ट्रेवल हिस्ट्री वाले चंडीगढ़ निवासी 25 साल के एक युवक की रिपोर्ट भी निगेटिव आई है। इसकी रिपोर्ट का इंतजार पीजीआई में भर्ती मोहाली निवासी 31 साल के संदिग्ध मरीज की रिपोर्ट आनी बाकी है।