पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने विधायकों के साथ राज्यपाल से मुलाकात की। किरण चौधरी के इस्तीफे पर सैलजा के बयान पर कहा कि यदि किसी के साथ इंसाफ नहीं हुआ है तो उसे हाईकमान के सामने अपनी बात रखनी चाहिए।
अल्पमत में आई सैनी सरकार को बर्खास्त करने की मांग को लेकर पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा अपने विधायकों संग राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय से मुलाकात की। उन्होंने राज्यपाल से मांग की कि राज्य सरकार के पास बहुमत नहीं है। इसलिए सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए।
विज्ञापन
उन्होंने यह भी कहा कि वह फ्लोर टेस्ट की मांग इसलिए नहीं करना चाहते हैं कि क्योंकि राज्य में हॉर्स ट्रेडिंग का खतरा है। इससे राज्य की बदनामी होगी। इसलिए विधानसभा को भंग कर देना चाहिए। उल्लेखनीय है कि भाजपा के खुद के 41 विधायक हैं। इसमें एक निर्दलीय और हलोपा के एक सदस्य का समर्थन प्राप्त है। बहुमत के लिए 44 का आंकड़ा चाहिए।
राज्यपाल के पास से लौटने के बाद उन्होंने प्रेस वार्ता की, जिसमें उन्होंने किरण चौधरी के इस्तीफे पर कुमारी सैलजा के बयान पर कहा कि टिकटों का बंटवारा कांग्रेस हाईकमान करता है। यदि किसी के साथ इंसाफ नहीं हुआ है तो उसे हाईकमान के सामने अपनी बात रखनी चाहिए।
विज्ञापन
साथ ही उन्होंने कहा कि राज्यसभा के चुनाव के लिए उनके पास नंबर नहीं है। यदि कोई दल 13 विधायकों के समर्थन का दावा करता है तो कांग्रेस उसे समर्थन देने के बारे में सोच सकती है।