कार्यवाहक सीएम नायब सैनी ने कहा कि एक ऐसा प्रत्याशी जो सरकारी खजाने को लूटने का खुलेआम ऐलान कर रहा हो, उसके समर्थन में अपनी सभा की शुरुआत करना राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी के कट्टर भ्रष्टाचारी होने का सबसे बड़ा प्रमाण है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज असंध से हरियाणा में चुनाव प्रचार शुरू कर रहे हैं। राहुल की रैली से पहले कार्यवाहक सीएम नायब सैनी ने राहुल गांधी पर बड़ा हमला बोला है।
विज्ञापन
सैनी ने कहा कि अभी मुझे मीडिया से जानकारी मिली कि आरक्षण विरोधी सोच रखने वाले नेता राहुल गांधी हरियाणा में अपनी चुनावी सभा की शुरुआत असंध से कर रहे हैं। दुर्भाग्यपूर्ण है कि राहुल गांधी ने चुनाव रैली की शुरुआत उसी कांग्रेस उम्मीदवार के समर्थन में की है, जिसने दो दिन पहले खुलेआम हरियाणा को लूटने का ऐलान करते हुए कहा है कि अगर कांग्रेस आई तो "अपना घर भरेंगे" और "अपनों का घर भरेंगे।”
सैनी ने कहा कि मैं राहुल गांधी से पूछना चाहता हूं कि असंध के कांग्रेस प्रत्याशी से उनकी क्या सांठ-गांठ है। वो हरियाणा में कहीं और से भी तो रैली शुरू कर सकते थे लेकिन, उन्होंने असंध को ही क्यों चुना? क्या ये अपनों का घर भरना दिल्ली दरबार का खजाना भरने का कोई प्लान तो नहीं है, राहुल गांधी इसका जवाब दें।
विज्ञापन
उन्होंने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की चैंपियन है। राहुल गांधी खुद भ्रष्टाचार के केस में जमानत पर हैं। कांग्रेस ने हरियाणा को भी खूब लूटा है। मैं उनसे पूछना चाहता हूं कि असंध के उम्मीदवार के समर्थन में अपनी रैली की शुरुआत करके क्या वे अपना घर भरने का एजेंडा लेकर आए हैं।
सैनी ने कहा कि राहुल गांधी ने असंध से सभा की शुरुआत करके कांग्रेस के लूट और भ्रष्टाचार की गारंटी दी है। हरियाणा का जन-जन बोल रहा है अगर गलती से भी आ गया हाथ तो जनता के खजाने का बिगड़ेगा हालात।