हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल।
- फोटो : अमर उजाला (फाइल फोटो)
पेगासस फोन टैपिंग मुद्दे पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को जासूसी में महारत है। उसके काले कारनामे जगजाहिर हैं। विपक्षी दल देश को गुमराह करने के अपने मंसूबों में कामयाब नहीं होगा। भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से काम करती है। कांग्रेस देश विरोधी संस्थाओं के साथ मिली हुई है। मानसून सत्र से एक दिन पहले ही यह मामला क्यों उछाला गया।
मुख्यमंत्री ने बुधवार को यहां हरियाणा निवास में जासूसी कांड के मुद्दे पर पत्रकारों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि जब भी देश में विकास की बात होती है तब कांग्रेस इस तरह के आरोप लगाकर लोकतंत्र पर प्रश्न चिह्न खड़ा करती है। कांग्रेस लोकसभा में विकास के मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय देश को नुकसान पहुंचाने वालों का समर्थन कर रही है। अगर किसी को जासूसी की साजिश रचने और सरकारों को गिराने की आदत है, तो वह कांग्रेस है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि एमनेस्टी इंटरनेशनल वह एजेंसी है जिसने पहली बार पेगासस नामक इजरायली स्पायवेयर की मदद से भारत में मंत्रियों और पत्रकारों के व्यक्तिगत डाटा की जासूसी के बारे में रिपोर्ट प्रकाशित की थी। एमनेस्टी इंटरनेशनल से जब फंडिंग का स्रोत पूछा गया था तो वह उसे बताने के बजाय अपना बोरिया-बिस्तर समेट कर विदेश निकल ली।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता में रहते 9000 लोगों की जासूसी कराई। ममता बनर्जी, चंद्रबाबू नायड़ू व सीताराम येचुरी तक उसमें शामिल हैं। तत्कालीन वित्त मंत्री रहे प्रणब मुखर्जी ने तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने तत्कालीन गृह मंत्री पी. चिदंबरम पर फोन टैप करने का आरोप लगाया था।
‘हो सकता है मेरा भी फोन टैप हो’
मुख्यमंत्री ने मजाकिया लहजे में कहा कि उनकी बगल में सीआईडी चीफ बैठे हैं। इसका मतलब यह नहीं कि वह मेरी जासूसी कर रहे हैं। सीआईडी चीफ आईबी में रहकर आए हैं, इनसे भी हम कई तरह की जानकारी जुटाते हैं, जैसे पेगासस मामले में उनसे जाना है। हो सकता है मेरा भी फोन टैप हो। फोन पर सावधानी से बात करनी चाहिए। इसमें कोई भी फंस सकता है। विश्व में अनेक एजेंसियां हैं जो जासूसी का काम करती हैं। अगर हमारे यहां कोई ऐसा होगा तो उसे तुरंत ढूंढ निकालेंगे। हमारे पास इतना सिस्टम है।