हरियाणा के सीएम मनोहर लाल ने डेरा ब्यास मुखी बाबा गुरिंदर ढिल्लों से मुलाकात की।
- फोटो : अमर उजाला
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को अमृतसर स्थित राधा स्वामी सत्संग ब्यास पहुंचकर बाबा गुरिंदर सिंह ढिल्लों जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान उन्होंने डेरे का दौरा भी किया। उन्होंने कहा कि राधा स्वामी सत्संग ब्यास सही मायने में एकात्म मानववाद के सिद्धांत को चरितार्थ कर रहा है। डेरे की ओर से समाज के प्रति सेवा भाव से किए जा रहे कार्य अति सराहनीय हैं।
मुख्यमंत्री डेरे में रखी जा रही सफाई व्यवस्था को देखकर दंग रह गए और कहा कि डेरा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के विजन से एक कदम आगे बढ़ कर कार्य कर रही है, जो मानवता के प्रति सच्ची सेवा है। मुख्यमंत्री ने पुस्तकालय का भी दौरा किया। उन्होंने सुझाव दिया कि पुस्कालय में ऐसे साहित्य की किताबों का भी समावेश होना चाहिए, जो समाज को एकसूत्र में पिरोने का कार्य करे और एकात्म मानववाद का दर्शन कराए।
देश के शीर्ष राजनेता राधा स्वामी सत्संग भवन का समय-समय पर दौरा करते रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पिछले साल नवंबर में राधा स्वामी सत्संग भवन का दौरा किया था। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस साल मार्च में दौरा किया था। राधा स्वामी के अनुयायी देशभर में हैं। हरियाणा के सिरसा जिले के सिकंदरपुर गांव में भी राधा स्वामी सत्संग ब्यास का विस्तृत स्थल है।
कुरीतियां दूर करने में संत-महापुरुषों का अतुलनीय योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत वर्ष ऋषि-मुनियों, पीर-पैगंबरों की धरा है। प्राचीन काल से समाज में फैली कुरीतियों को दूर करने में संत-महापुरुषों का अतुल्य योगदान रहा है। हरियाणा सरकार ने महापुरुषों की शिक्षा को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए संत-महापुरुष सम्मान और विचार प्रचार-प्रसार योजना शुरू की है।
उन्होंने बताया कि 2014 में सत्ता संभालते ही प्रदेश में सामाजिक समरस्ता का संदेश देने की शुरुआत की थी। संत-महापुरुषों की जयंतियां सरकारी स्तर पर मनाने की पहल की है। उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए नशा मुक्त हरियाणा बनाने के अभियान में भी सरकार ने संत-महापुरुषों का सहयोग लेने की पहल की है।