लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा में दूसरे दलों से नेताओं और कार्यकर्ताओं के आने का तांता लगा हुआ है। उनको देखकर हमारे कुछ पुराने कार्यकर्ता चिंता भाव में हैं, लेकिन पार्टी कार्यकर्ताओं को आश्वस्त करता हूं कि भाजपा में वहीं आगे बढ़ेगा जो देश, सर्व समाज, किसान, महिला, मजदूर व युवा के हित की बात करेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले इन नेताओं को भाजपा की कार्य पद्धति और विचारधारा से अवगत करवाया जाएगा। पार्टी में आना एक अलग बात है और पार्टी की नीतियों व अवधारणा को अपने मन में समाहित करना अलग बात है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मेरी फसल मेरा ब्योरा पोर्टल पर रोजाना 15-20 हजार किसान पंजीकरण करवा रहे हैं। किसानों के लिए पानी का प्रबंध करने की सरकार को पूरी चिंता है। एसवाईएल के मामले में हरियाणा सरकार ने फैसला सुप्रीम कोर्ट पर छोड़ दिया है।
तीन बांधों को दो साल बाद 47 प्रतिशत पानी मिलने की उम्मीद
सांसद धर्मबीर सिंह को जल संबंधी मामलों में विशेषज्ञ बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि लखवार व रेणूका डैम का कार्य चल रहा है। किशाऊ डैम के लिए प्रयास जारी हैं। इन तीनों बांधों में हरियाणा को दो साल बाद 47 प्रतिशत पानी मिलने की उम्मीद है। इसके लिए समझौते किए जा रहे हैं। सरकार के आह्वान पर इस बार 50 हजार हेक्टेयर में धान की रोपाई नहीं हुई, इसके लिए किसान बधाई के पात्र हैं।
मुख्यमंत्री जी, जिला बनाने पर दादरी की जनता ने दिया समर्थन: कृषिमंत्री कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ ने कहा कि मौजूदा सरकार ने ही दादरी को जिले का दर्जा दिया। यहां नए उपमंडल और ब्लॉक बनाए। इसका एहसान मानते हुए दादरी की जनता ने भी भरपूर समर्थन लोकसभा चुनाव में दिया और उम्मीद है कि विधानसभा चुनाव में भी इसे दोहराया जाएगा। दादरी की जनता मुख्यमंत्री को अपना मानती है और यहां के लोगों ने पार्टी के पक्ष में भारी मतदान किया।