फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हर घर तिरंगा अभियान: सीएम मनोहर लाल ने की सर्वदलीय बैठक, सभी ने सहयोग का दिया आश्वासन

Mon, 18 Jul 2022 07:00 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

सीएम मनोहर लाल ने कहा कि आजादी के अमृत महोत्सव में हर घर तिरंगा पहुंचाना लक्ष्य है। नेता विपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि तिरंगा हर भारतवासी के लिए सम्मान का प्रतीक। सभी दलों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इस मुहिम में सहयोग का मुख्यमंत्री को आश्वासन दिया। 
विज्ञापन
हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हर घर तिरंगा अभियान में हरियाणा सरकार को विपक्ष का साथ मिला है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल की तरफ से सोमवार को हरियाणा निवास में बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में सभी दलों के दिग्गज नेताओं ने अभियान में सहयोग पर सहमति जताई। मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला, बिजली मंत्री रणजीत सिंह और गोपाल कांडा ने अभियान के लिए एक माह का वेतन दान देने की घोषणा की है।

विज्ञापन


मनोहर लाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत 13 से 15 अगस्त तक मनाए जाने वाले हर घर तिरंगा अभियान के तहत देशभर में 20 करोड़ घरों पर झंडा फहराया जाएगा, जिससे लगभग 100 करोड़ की आबादी कवर होगी। हरियाणा में भी लगभग 60 लाख घरों पर तिरंगा फहराया जाएगा। यह एक जन अभियान है, इसलिए नागरिकों को खरीदकर स्वेच्छा से राष्ट्र ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए सरकारी पैसे का उपयोग नहीं होगा।

उन्होंने अन्य विधायकों और सांसदों से झंडा दान करने का आह्वान किया। प्रदेश में सभी सरकारी भवनों पर अब स्थायी रूप से तिरंगा लगाया जाएगा। 26 जनवरी और 15 अगस्त के दिन तिरंगा फहराएंगे। 13 से 15 अगस्त तक घरों पर तिरंगा फहराने के अलावा स्कूली बच्चों की वर्दी पर तिरंगे का बैच भी लगाया जाएगा। इससे उनमें देशभक्ति की भावना का संचार होगा। 

विज्ञापन

सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत सस्ते अनाज की दुकानों, पोस्ट ऑफिस, पंचायत घर, सामान्य सेवा केंद्रों, आंगनबाड़ी केंद्रों इत्यादि पर तिरंगे उपलब्ध करवाए जाएंगे। संपूर्ण मर्यादा के साथ ही तिरंगा फहराया जाएगा। सभी जिलों में तिरंगे की उपलब्धता के लिए जिला उपायुक्तों को निर्देश दिया गया है।

गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि तिरंगे के साथ डंडा भी अवश्य दिया जाना चाहिए। सभी पार्टियां कार्यकर्ताओं की ड्यूटी लगाएं और वे घर-घर जाकर झंडा लगाएं, जिसके पास तिरंगा नहीं है उन्हें उपलब्ध करवाएं। बिजली मंत्री रणजीत चौटाला ने कहा कि वह अभियान में बढ़-चढ़कर सहयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि नागरिकों द्वारा एक साथ इतने बड़े पैमाने पर तिरंगा फहराने से निश्चित रूप से देशभक्ति और देश प्रेम की भावना का संचार होगा।
विज्ञापन

नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने अभियान की प्रशंसा करते हुए कहा कि देशभक्ति के लिए ऐसी पहल अवश्य की जानी चाहिए। तिरंगा किसी सरकार या निजी व्यक्ति का प्रतीक नहीं, बल्कि यह देश की आन बान, शान और राष्ट्रीयता का प्रतीक है। जब तिरंगे की परिकल्पना की गई थी, तब संविधान बैठक में इन तीनों रंगों को विस्तार से चर्चा कर चुना गया था। वह अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से आह्वान करेंगे कि वे सभी अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें।
 
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने कहा कि हम सभी अभियान में पूरे जोश और उमंग के साथ सहयोग करेंगे। केंद्र व राज्य सरकार का यह प्रयास सराहनीय है। कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल ने कहा कि नागरिक पूरे सम्मान व मर्यादा के साथ तिरंगा फहराएं, यह हम सुनिश्चित करेंगे। इनेलो नेता अभय चौटाला ने कहा कि अभियान में शिक्षा विभाग की महत्वपूर्ण भूमिका है, इसलिए सरकार की ओर से शिक्षा विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों को विशेष रूप से निर्देश दिया जाएं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें