हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल। (फाइल फोटो)
हरियाणा में कोरोना की तीसरी लहर ने दस्तक दे दी है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने प्रदेशवासियों से सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पिछले साल जैसी स्थितियां पैदा हो रही हैं। रोजाना 800 से 900 नए संक्रमित मिल रहे हैं। प्रदेश में सक्रिय मरीजों की संख्या नौ हजार के पार पहुंच गई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों की दिनचर्या को देखते हुए सरकार अभी किसी तरह की सख्ती के मूड में नहीं है। पिछला साल कोरोना के कारण अच्छा नहीं गुजरा है। प्रदेश का हर वर्ग प्रभावित हुआ। 2020 के अंत में संक्रमितों की संख्या घटने पर सुकून महसूस किया गया था। फरवरी में स्थिति नियंत्रित थी। मार्च में कोरोना ने फिर से अपना प्रकोप दिखाया है।
मुख्यमंत्री की अपील
सरकार अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए कोरोना जांच और वैक्सीनेशन में तेजी ला रही है। ऐसे में हर नागरिक का भी फर्ज है कि महामारी से लड़ने में सरकार का सहयोग करते हुए गाइडलाइन का पालन करे। मास्क पहनें और सामाजिक दूरी बनाएं रखें।
हरियाणा में महामारी अधिनियम एक साल के लिए और लागू
प्रदेश सरकार ने तुरंत प्रभाव से महामारी कोविड-19 अधिनियम को एक साल के लिए और लागू कर दिया है। यह जानकारी प्रदेश के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने दी। उन्होंने कहा कि पिछले साल मार्च माह में प्रदेश सरकार ने कोरोना को महामारी घोषित कर दिया था। तब अधिनियम एक साल के लिए लागू किया था। अब बुधवार को नए सिरे अधिनियम एक साल के लिए और लागू कर दिया गया है।