उधर, जींद में भाजपा के साथ मिलकर जेजेपी के सरकार बनाने के फैसले पर लोगों में मिली जुली प्रतिक्रिया रही। जहां जेजेपी कार्यकर्ताओं ने इस फैसले की खुले दिल से तारीफ की तो भाजपा के खिलाफ रहने वाले लोग दुष्यंत चौटाला के भाजपा के साथ सरकार बनाने के फैसले खिन्न नजर आए। वहीं जेजेपी समर्थकों के अनुसार भाजपा और जेजेपी की सरकार प्रदेश के विकास के लिए बनेगी।
विधानसभा चुनाव में जेजेपी ने कुल दस सीट जीती हैं। इनमें से तीन सीट जींद जिला से हैं जिनमें उचाना कलां विधानसभा क्षेत्र से खुद दुष्यंत चौटाला विधायक बने हैं। इसके अलावा नरवाना से रामनिवास सुरजाखेड़ा और जुलाना से अमरजीत ढांडा विधायक बने हैं। खुद दुष्यंत चौटाला जींद जिला की उचाना विधानसभा सीट से विधायक होने के कारण प्रदेश सरकार में जींद की हिस्सेदार अधिक मानी जा रही है। ऐसे में लोगों की मिली जुली प्रतिक्रियाएं रही।
प्रदेश के लिए लिया फैसला
प्रदेश की जनता ने जो जनादेश दिया है उसके अनुसार ही जेजेपी ने फैसला लिया है। सरकार में शामिल होने का फैसला प्रदेश के विकास के लिए है। जेजेपी के लिए हरियाणा का विकास और लोगों को आधारभूत सुविधाएं देना ही प्रथम लक्ष्य है। इसका पूरा करने के लिए यह फैसला लिया है। जेजेपी के कार्यकर्ता इस फैसले के साथ है। -अमरजीत ढांडा, विधायक जुलाना।
बरवाला से विधायक जोगीराम सिहाग ने कहा है कि क्षेत्र में जो विकास कार्य अधूरे पड़े हैं, अब पार्टी उन्हें भाजपा के साथ मिलकर पूरा कराएगी। दोनों पार्टियां मिलकर एक कॉमन एजेंडा तय करेगी, ताकि प्रदेश का सही तरीके से विकास हो सके। भाजपा व जजपा गठबंधन समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलेगा और सभी के हितों का पूरा ध्यान रखा जाएगा। चौधरी देवीलाल की नीतियों पर चलकर हरियाणा प्रदेश का नव निर्माण किया जाएगा।
प्रदेश का होगा सही तरीके से विकास: अनूप धानक
उकलाना से विधायक अनूप धानक ने कहा कि हाईकमान ने जो फैसला किया है, वह सही है। पार्टी भाजपा के साथ मिलकर प्रदेश का सही तरीके से विकास कराएगी। इस दौरान सभी वर्गों का पूरा ख्याल रखा जाएगा। प्रदेश की जनता ने हमेशा जो उम्मीदें लगा रखी हैं, भाजपा के साथ मिलकर हम उन उम्मीदों पर खरा उतरने का पूरा प्रयास करेंगे।
प्रदेश को मिलेगी स्थायी सरकार: रामकुमार गौतम
नारनौंद से विधायक रामकुमार गौतम के मुताबिक प्रदेश को एक स्थायी सरकार चाहिए थी और इस फैसले से प्रदेश का एक स्थायी सरकार मिलेगी। दुष्यंत चौटाला एक सकारात्मक सोच वाले इंसान हैं और मनोहर लाल भी एक सुलझे हुए व्यक्ति हैं। वर्तमान हालात को देखते हुए यह एकदम सही फैसला है। प्रदेश के लोगों की बेहतरी के लिए जो भी सही होगा, पार्टी वही करेगी।