फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

2020 को ‘सुशासन संकल्प’ वर्ष के रूप में मनाएगी हरियाणा सरकार, प्रदेश की तस्वीर बदलना लक्ष्य

Wed, 01 Jan 2020 10:38 AM IST
खुशबू गोयल न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
विज्ञापन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल - फोटो : फाइल फोटो
विज्ञापन
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने संकल्प लेते हुए दावा किया कि हरियाणा सरकार वर्ष 2020 में कई नए सौगातों से प्रदेश की तस्वीर बदलना चाहती हैं। इतना ही नहीं कई ऐसी परियोजनाएं हैं, जो इस वर्ष पूरी हो रही हैं। इससे प्रदेश के विकास की रफ्तार और तेज होगी। उधर, हरियाणा सरकार ने नव वर्ष को ‘सुशासन संकल्प’ वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।
विज्ञापन


मुख्यमंत्री मनोहर लाल के अनुसार, सरकार का मुख्य लक्ष्य अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए ‘सर्वजन हिताय-सर्वजन सुखाय’ को चरितार्थ करना है। उन्होंने कहा कि हम साल भर पूरी तत्परता से और पारदर्शिता के साथ जनकल्याण से जुड़ी सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने की मुहिम में और अधिक तीव्रता लाएंगे।

उम्मीदों पर खरा उतरेगी गठबंधन की सरकार
मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में हमने भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए सुशासित संस्कृति को विकसित करने का प्रयास किया है। हम काफी हद तक इसमें सफल भी रहे हैं। मैं अपील करता हूं कि लोग ‘मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल’, ‘परिवार पहचान पत्र’,  ‘मुख्यमंत्री परिवार समृद्धि योजना’  इत्यादि योजनाओं का लाभ अंत्योदय सरल केंद्रों व अटल सेवा केंद्रों के माध्यम से जुड़कर उठाएं।
विज्ञापन


जनता ने उन्हें पहली बार वर्ष 2014 में सेवा करने का मौका दिया और इस बार उन पर फिर से विश्वास व्यक्त करते हुए दोबारा सेवा करने का मौका दिया है। ऐसे में इस बार भी वे पहले की तरह जनता की आशाओं व उम्मीदों पर खरा उतरेंगे तथा प्रदेशवासियों को एक स्थिर सरकार देंगे। पहले की तरह इस बार भी उनका ध्येय प्रदेश के हर नागरिक को सर्वाधिक जवाबदेह प्रशासन देने का रहेगा

नए साल में हाइटेक बनेगी पुलिस

हरियाणा पुलिस को इस साल और ज्यादा पेशेवर बनाते हुए उसे हाईटेक बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके अतिरिक्त जवानों के व्यवहार और पब्लिक इमेज पर भी विशेष तौर पर काम होगा। डीजीपी मनोज यादव ने बताया कि हरियाणा पुलिस 2020 में पेशेवर पुलिसिंग को और मजबूत बनाने के लिए नई तकनीकों पर ध्यान केंद्रित करेगी, ताकि जनता को बेहतर सेवाएं प्रदान की जा सकें।

उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि हरियाणा पुलिस के सभी जवान अपने व्यवहार में और अधिक सकारात्मक बदलाव लाएंगे, ताकि पुलिस बल की एक बेहतर पब्लिक इमेज सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने कहा कि इससे न केवल समाज में पुलिस-पब्लिक-रिलेशन को मजबूत करने में मदद मिलेगी, बल्कि राज्य पुलिस बल की योग्यता और प्रतिबद्धता के संबंध में सकारात्मक सार्वजनिक धारणा को भी बल मिल सकेगा।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहुंचेगा हरियाणा टूरिज्म
नए साल में हरियाणा सरकार प्रदेश के टूरिज्म को अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास करेगी। इसकेलिए हरियाणा पर्यटन विभाग का डिजिटलीकरण किया जाएगा। हरियाणा के पर्यटन मंत्री कंवर पाल ने बताया कि इससे हरियाणा के पर्यटन स्थल को अंतरराष्ट्रीय  स्तर पर प्रदर्शित करने में मदद मिलेगी।  साथ ही विभाग की आय में भी आशाजनक वृद्घि होगी।

इसके अंतर्गत हरियाणा पर्यटन विभाग ने ‘भारतपी’ कंपनी से एग्रीमेंट किया है, जिससे अब पर्यटक ‘यूपीआई’ पर आधारित ‘क्यूआर’ कोड को स्केनिंग करके पेटीएम, गुगल-पे,भीम-यूपीआई, फोन-पे, एचडीएफसी-पेजएप, एसबीआई योनो, टरूकॉलर जैसी 120 से भी अधिक पेमेंट एप्लीकेशनों के माध्यम से विभाग के रिसोर्ट और पेट्रोल पंपों पर अपने बिल का भुगतान कर सकते हैं। इसके अलावा विभाग में डिजिटलाइजेशन को प्रमोट करने के लिए विभाग के रिसोर्ट तथा पैट्रोल पंपों पर 120 स्वाइप-मशीनें स्थापित की गई हैं।

अब हर जिले में खुलेंगे प्रदूषण नियंत्रण कार्यालय

हरियाणा में प्रदूषण नियंत्रण को और मजबूत करने व प्रदूषण फैलाने वालों पर नजर रखने के लिए सरकार ने फैसला लिया है कि अब हर जिले में प्रदूषण नियंत्रण कार्यालय खोले जाएंगे। अभी तक प्रदेश के 11 जिलों में इन कार्यालयों की शाखाएं हैं। मगर अब शेष 11 जिलों में भी इसके कार्यालय खोले जाएंगे। प्रदेश में इस वक्त प्रदूषण नियंत्रण बड़ी चुनौती बनी हुई है। इसी दिशा में सरकार ने इन कार्यालयों को खोलने की अनुमति दी है। दावा किया जा रहा है कि वर्ष 2020 में सभी कार्यालयों को खोल लिया जाएगा।

कोई मनाव रहित फाटक नहीं बचेगा
हरियाणा में इस साल एक भी मानव रहित रेलवे फाटक नहीं बचेगा। रेल हादसों को कम करने की दिशा में हरियाणा सरकार ने उक्त दावा किया है। सरकार का कहना है कि इसके लिए सरकार का रेलवे से पूरी तरह समन्वय स्थापित है और इस दिशा में तेजी से काम भी चल रहा है। रेलवे ने भी प्रदेश सरकार को आश्वस्त किया है कि हरियाणा में इस साल कोई भी मानव रहित फाटक नहीं बचेगा। इस तरह के सभी रेलवे क्रासिंग खत्म कर वहां आरओबी व आरयूबी का निर्माण किया जाएगा।

हर घर में नल से शुद्ध जल की होगी शुरूआत
हरियाणा सरकार का सपना है कि प्रदेश का कोई भी घर ऐसा न हो, जहां नल से शुद्ध जल न पहुंचे। इस अभियान की शुरूआत मुख्यमंत्री की ओर से इसी वर्ष शुरू की जाएगी। इसके अंतर्गत प्रदेश के तमाम इलाके को पेयजल की पाइपलाइन से कवर कर दिया जाएगा और इसके जरिए सभी घरों में पानी का कनेक्शन हो, इसे भी सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने 2024 वर्ष तक टारगेट रखा गया है।

गठित होगा हरियाणा नारकोटिक्स ब्यूरो

हरियाणा में नशे पर शिंकजा और कसा जाए, इसके लिए नेशनल नारकोटिक्स ब्यूरो की तर्ज पर प्रदेश स्तर पर हरियाणा नारकोटिक्स ब्यूरो का गठन किया जाएगा। गृहमंत्री अनिल विज इसकी घोषणा कर चुके हैं, अब नए साल में इस इकाई की स्थापना कर दी जाएगी। गृहमंत्री का दावा है कि हरियाणा को पूरी तरह नशा मुक्त बनाने में ये ब्यूरो बड़ा रोल अदा करेगा।

हेल्थ, वैलनेस सेंटर की मिलेगी सौगात
हरियाणा में लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति और सजग बने। इसके लिए प्रदेश सरकार इस वर्ष से सूबे के विभिन्न शहरों, ब्लाकों, कस्बों व गांवों में हेल्थ व वैलनेस सेंटर खोलने जा रही है। हरियाणा सरकार ने प्रदेश में इस तरह के 2 हजार वैलनेस सेंटर खोलने का दावा किया है। जिसकी शुरूआत इसी वर्ष से की जाएगी।

शुरू होगा ‘ईज ऑफ लीविंग’ अभियान
हरियाणा में जिंदगी और आसान व ज्यादा सुविधाओं से लैस हो। इसके लिए प्रदेश सरकार अब ‘ईज ऑफ लीविंग’ अभियान की शुरूआत इसी साल से करने जा रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रमुख अभियानों में से यह एक है। सीएम चाहते हैं कि गांवों, कस्बों व शहरों में रहने वाले लोगों को हर तरह की बेहतर सुविधा मुहैय्या मिले, जिससे उन्हें गुजर-बसर में कोई दिक्कत न हो। इसके लिए सरकार इस अभियान के तहत कई कार्य योजनाएं तैयार करेगी।

मिलेगी सेब, फूल व मसाला मंडी की सौगात
बागवानी को प्रदेश में बढ़ावा देने इसी साल प्रदेश को सेब, फूल व मसाला मंडी की सौगात मिल जाएगी। पिंजौर में आधुनिक सेब मंडी, गुरुग्राम में फूल मंडी व सोनीपत में मसाला मंडी बनाने की योजना है और इस पर तेजी से काम भी चल रहा है। उम्मीद है इसी साल ये मंडियां तैयार हो जाएंगी।
विज्ञापन

राजस्व रिकार्ड की मैपिंग व डिजिटलीकरण होगा

इस साल सरकार जमाबंदी, इंतकाल और खसरा गिरदावरी के  रिकार्ड की जीएसआई मैपिंग करवाना चाहती है। सर्वे ऑफ इंडिया के सहयोग से इसे सिरे चढ़ाया जाएगा। इससे भूमि के समेकित योजना बनाने, सटीक  पैमाइश, और भूमि प्रयोग परिवर्तनों का पता लगाने में मदद मिलेगी और बहुत पुराने राजस्व रिकार्ड का डिजिटलाइजेशन में बड़ी मदद मिलेगी। इसके साथ ही हरियाणा का अत्याधुनिक एकल मानचित्र तैयार करने की शुरूआत भी इसी साल होगी।

बेड़े में आएंगी नई बसें
हरियाणा में छात्रा परिवहन सुरक्षा योजना को शुरू करने के लिए 150 मिनी बसें खरीदी जाएंगी। इन्हें उन ग्रामीण क्षेत्रों में चलाया जाएगा, जहां छात्राओं की संख्या कम है। इसका मकसद घर से दूर पढ़ाई करने के लिए जाने वाली छात्राओं को सुरक्षित यात्रा उपलब्ध करवाना है। बस सुविधा न होने पर अनेक अभिभावक अपने बेटियों को दूरदराज के शिक्षण संस्थानों में नहीं भेजते हैं। उधर, रोडवेज बेड़े में भारत स्टेज फॉर की 50 बसें 31 मार्च से पहले शामिल की जाएंगी। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली हाई पॉवर परचेज कमेटी इनकी खरीद को मंजूरी दे चुकी है। इसके अलावा सरकार का दावा 2020 में रोडवेज बेड़े में कुल 367 बसें शामिल करने का है।

35 हजार सोलर पंप लगेंगे
वर्ष 2020 में 35 हजार सोलर पंप स्थापित किए जाएंगे। इससे न केवल बिजली की बचत होगी, बल्कि किसानों को थ्री एचपी से टेन एचपी क्षमता के पंप सरकार को मुहैय्या करवाएगी, जिस पर 75 फीसद सब्सिडी भी मिलेगी। सरकार की इस योजना पर तेजी से काम चल रहा है।

प्रदेश में तैयार होंगे 16 फास्ट ट्रैक कोर्ट
हरियाणा में महिलाओं और बच्चों के विरूद्ध अपराधिक मामलों को निपटाने के लिए 16 फास्ट ट्रैक कोर्ट तैयार किए जाएंगे। मकसद है ऐसे मामलों में महिलाओं और बच्चों को जल्द न्याय मिले और अपराधी सलाखों के पीछे पहुंचे। सरकार की योजना के अंतर्गत सूबे में चार डेडिकेटिड फास्ट ट्रैक और बारह विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट तैयार की जानी है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें