हरियाणा प्रदेश भाजपा ने विधानसभा चुनाव में 75 पार न होने और 50 सीटों पर हार के कारणों की समीक्षा शुरू कर दी है। शुक्रवार से गुरुग्राम में प्रदेश भाजपा कार्यसमिति की दो दिवसीय बैठक शुरू हो गई। पहले दिन बैठक पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा के मुख्यमंत्री की जनआशीर्वाद यात्रा को लेकर दिए गए बयान पर केंद्रित रही।
रामबिलास ने यात्रा को लेकर कहा था कि इसमें चुनिंदा नेता और कार्यकर्ता ही शामिल हुए जबकि हक सबका बनता था। यात्रा को लेकर बैठक में तरह-तरह की बातें उठीं। लेकिन न तो कोई रामबिलास के बयान का विरोध कर पाया, न ही किसी ने इसे गलत ठहराया। चुनाव के मनमाफिक नतीजे न आने का कारण जानने के लिए अब राष्ट्रीय संगठन महामंत्री ने प्रत्याशियों से बंद लिफाफे में हार के कारण मांगे हैं।
प्रत्याशियों की ओर से बताए जाने वाले कारणों को गुप्त रखा जाएगा। गुरुग्राम के पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय महामंत्री एवं हरियाणा के प्रभारी डॉ. अनिल जैन ने बताया कि विधायकों को जनता के बीच जाकर कार्य करने के मंत्र दिए गए हैं। इसके अलावा उन्हें संगठन के साथ मिलकर कार्य करने के बारे में भी समझाया गया, क्योंकि जनता एवं संगठन के बिना कोई भी पार्टी सत्ता में नहीं आ सकती।