मंत्री जब होडल के विधायक जगदीश नायर के सवाल का जवाब दे रहे थे तो मंडोली व बड़ोली को लेकर गफलत हो गई। मंत्री मंडोली की जगह बड़ोली बोल गए, जिस पर विधायक ने कहा कि बड़ोली पलवल विधानसभा में है। उनकी मांग मंडोली में कॉलेज की है। जिस पर मंत्री ने विधायक को बुलाकर स्थिति स्पष्ट की। विभाग के अधिकारियों ने बड़ोली की जगह मंडोली के बारे में शिक्षा मंत्री को अवगत कराया।
आईआईटी दिल्ली को स्वीकार नहीं जैव विज्ञान पार्क के लिए दी जमीन
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, दिल्ली के विस्तार परिसर बाढ़सा, झज्जर में जैव विज्ञान पार्क स्थापित करने में भूमि का पेंच फंस गया है। आईआईटी दिल्ली को पार्क बनाने के लिए सरकार की ओर से 2011 में दी गई भूमि स्वीकार नहीं है। पूर्व हुड्डा सरकार की ओर से दी गई भूमि में काफी बड़े गड्ढे हैं और इसकी गहराई भी ज्यादा है। इसलिए भूमि को समतल करने में ही बड़ी राशि खर्च हो जाएगी, जिससे प्रोजेक्ट लागत भी बढ़ेगी।
तकनीकी शिक्षा मंत्री अनिल विज ने कांग्रेस विधायक गीता भुक्कल के सवाल में यह जानकारी दी। सवाल के जवाब के दौरान विज व भुक्कल में बहस भी हुई। विज ने कहा कि नई भूमि चिन्हित करने के लिए सरकार ने डीसी झज्जर की ड्यूटी लगाई है। नई जमीन का अधिग्रहण होने और आईआईटी द्वारा जमीन स्वीकार करने के तीन साल के अंदर पूरी तरह पार्क बना दिया जाएगा। ग्राम पंचायत बाढ़सा जिला झज्जर की 50 एकड़ भूमि तकनीकी शिक्षा विभाग ने 15.19 करोड़ की लागत से खरीदी थी।
निर्माण कार्य को आईआईटी दिल्ली को अंजाम देना है, इसलिए सरकार भूमि को लेकर दबाव नहीं डाल सकती। इस पर गीता भुक्कल ने कहा कि 21 दिसंबर, 2013 को तत्कालीन मानव संसाधन विकास मंत्री पल्लम राजू ने जैव विज्ञान पार्क की आधारशिला रख दी थी। सात साल बाद भी पार्क का निर्माण नहीं हो पाया है। पूर्व एनडीए सरकार के समय मंत्री सत्यपाल सिंह भूमि मुहैया कराने को लेकर बार-बार पत्र लिख चुके हैं।
बाढ़सा और आसपास सारी जमीन ऐसी ही है, इसलिए गड्ढों को भरा जा सकता है। विज ने जवाब में कहा कि पूर्व कांग्रेस सरकार इस पार्क को लेकर गंभीर नहीं थी। जमीन देखकर देनी चाहिए थी, अपनी जान छुड़ाने के लिए सरकार ने उबड़-खाबड़ जमीन दे दी। इस मामले में पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने विज से पूछा कि पार्क कब तक बनेगा, समयबद्ध करें। विज ने पलटवार करते हुए कहा कि ऐसे ही सवाल पूछने के लिए खड़े हो जाते हैं, लिखकर दे दो, जवाब भेज दिया जाएगा।