मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में कहा है कि ये फ्री, वो फ्री, सब फ्री। ये माफ, वो माफ। एक लाख 25 हजार करोड़ की घोषणा कर दी, इतने पैसे कहां से आएंगे। क्या ये डाका डालेंगे, बाद में कहेंगे कि हमारे पास पैसा नहीं है। इसी तरह पैसे की कंगाली में पंजाब रो रहा है, चिल्ला रहा है। उनके पास अपने कर्मचारियों को वेतन देने के भी पैसे नहीं हैं।
हम 12 हजार प्रति एकड़ मुआवजा दे रहे और कांग्रेस घोषणा कर रही है
कांग्रेस के घोषणा पत्र पर चुटकी लेते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों को प्रति एकड़ 12 हजार रुपये प्राकृतिक आपदा पर मुआवजा दिया जा रहा है। उधर कांग्रेस घोषणा कर रही है कि हम 12 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देंगे। शायद उन्होंने अपना पिछला घोषणा पत्र देख लिया है, जब किसानों को 5700 रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिया जाता था। हमने पांच साल में 3600 करोड़ मुआवजा दिया है, जबकि कांग्रेस ने 48 साल मं 1200 करोड़ रुपये मुआवजा दिया।
भाई थाम जीता द्यो, बाकी मेरे जिम्मै
सीएम मनोहर लाल ने कहा कि थाम बिशंबर ने जीता द्यो बाकी मेरे जिम्मै। 21 को आप अपेक्षा पूरी कर दो, उसके बाद काम हमारा। उन्होंने जातिगत आधार पर समीकरण वालों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा कभी जातिवाद की, बिरादरी की बात नहीं करती और सभी को समानता के आधार पर रखती है। भाजपा के 75 पार के नारे में बवानीखेड़ा जरूर हो।
पहली बार विधायक बना था, गलती हो तो माफ करना
विधायक बिशंबर वाल्मीकि ने कहा कि पहली बार विधायक बना था और अब अनुभव हुआ है। मुझसे कोई गलती हुई हो तो माफ करना। उन्होंने सभी से अधिक से अधिक मतदान कर भाजपा के 75 पार के नारे को सफल बनाने का आह्वान किया।