हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची में भाजपा ने अपने मंत्रियों और विधायक पर सर्जिकल स्ट्राइक की है। दो मंत्रियों समेत आठ विधायकों को टिकट नहीं दिया गया है। 90 में से 78 उम्मीदवार सोमवार को पार्टी ने घोषित कर दिए। घोषित उम्मीदवारों में 35 नए और 43 पुराने चेहरे हैं। 35 मौजूदा विधायकों पर भाजपा आलाकमान ने फिर से भरोसा जताया है। हाल ही में भाजपा में शामिल हुए पहलवान योगेश्वर दत्त, बबीता फौगाट और हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह को भी टिकट दिया गया है।
पाला बदलकर चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हुए नौ पूर्व विधायकों को टिकट नहीं मिली है। इससे उनकी उम्मीदों पर पानी फिर गया है। पहली सूची ने सबको चौंकाया है, दो मंत्रियों उद्योग मंत्री विपुल गोयल को फरीदाबाद और लोक निर्माण मंत्री राव नरबीर सिंह को बादशाहपुर सीट से पार्टी ने टिकट नहीं दी है। इसके साथ ही छह विधायकों डिप्टी स्पीकर संतोष यादव का अटेली, संतोष सारवान का मुलाना, बिमला चौधरी का पटौदी, गुहला से कुलवंत बाजीगर, सोहना से तेजपाल तंवर और रादौर से श्याम सिंह राणा का टिकट काटा गया है।
भाजपा हाईकमान ने केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा व समिति सदस्यों के मुहर लगाने के बाद सूची जारी की है। सूची को भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने दिल्ली में प्रेस वार्ता कर जारी किया। सीएम मनोहर लाल करनाल और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला अपनी पुरानी सीट टोहाना से ही चुनाव लड़ेंगे।
इसके अलावा राज्य खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री कर्ण देव कांबोज की सीट बदली गई है। वह इंद्री के बजाए रादौर सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे। पहली सूची में नौ महिलाओं को टिकट मिले हैं। इनमें पुन्हाना सीट पर एक मुस्लिम महिला भी शामिल है। दो पुरुष मुस्मिल उम्मीदवारों को नूह और फिरोजपुर झिरका से मैदान में उतारा गया है।