कांग्रेस पार्टी के लिए उत्साहजनक बात है कि उसके पास उम्मीदवारी के मानदंड पर खरे उतरने वाले आवेदकों की लंबी फेहरिस्त है। सैलजा ने कहा कि जल्द ही हाईकमान की स्वीकृति के साथ ही उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी जाएगी। ताकि उम्मीदवार नामांकन करने के साथ जनता के बीच खुद को पेश कर पाएं।
सैलजा ने बताया कि इस बार राज्य की 90 विधानसभा सीटों पर दावेदारों की बड़ी फौज है। 90 विधानसभाओं से इस बार 1200 उम्मीदवारों ने टिकट के लिए आवेदन किया है। हर सीट पर राज्य चुनाव समिति को उम्मीदवार का नाम तय करने के लिए कड़ी कसरत करनी पड़ रही है।
सैलजा ने कहा कि बैठक में मौजूदा विधायकों के भी मैदान में उतारने पर सहमति बन चुकी है। हर विधानसभा सीट से आए आवेदनों पर गहन मंथन हो रहा है। उम्मीदवारों की काबलियत के साथ उसके अनुभव का भी विश्लेषण किया जा रहा है। जनता के बीच असरदार तरीके से अपनी बात रखने वाले उम्मीदवारों के भी हर पहलू की परख हो रही है।
चुनाव के लिए जनता के सुझावों से कांग्रेस का घोषणा पत्र तैयार हो रहा है। इसमें जनता से वही वादे किए जाएंगे जो कि पूरे हो सकें। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र के लिए कांग्रेस ने प्रदेश की जनता से सुझाव मांगे थे। हर वर्ग के हजारों लोगों ने घोषणापत्र के लिए अपने सुझाव दिए हैं। अब पार्टी उन सुझावों की समीक्षा कर रही है।