हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र में भाजपा विधायक पवन सैनी ने जैसे ही बिना पर्ची-खर्ची के नौकरी की बात कहते हुए कांग्रेस और इनेलो पर निशाना साधा तो कांग्रेसी विधायक भड़क गए। इसके बाद एम्स को लेकर भी सदन में जमकर हंगामा हुआ। रेवाड़ी के मनेठी में खुलने वाला हरियाणा का एम्स पहला एम्स है या दूसरा। सदन का डेढ़ घंटा इसी बहस की भेंट चढ़ गया।
भाजपा विधायक पवन सैनी ने अपनी बात रखते हुए कहा कि मनोहर सरकार में बिना खर्ची और बिना पर्ची के गरीब अभिभावकों के बच्चे भी अपनी मेरिट के बूते बिना रिश्वत दिए नौकरियों के लिए चयनित हुए हैं। जबकि पूर्व सरकारों के कार्यकाल में नौकरियों में भ्रष्टाचार का खूब खेल खेला गया। इसी बात को लेकर कांग्रेसी विधायक रघुबीर कादियान, आनंद दांगी, शकुंतला खटक, गीता भुक्कल समेत पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी उखड़ गए।
आनंद दांगी ने कहा कि आज भी प्रदेश में नौकरी दिलवाने केनाम पर जमकर भ्रष्टाचार का खेल चल रहा है। कांग्रेसी विधायकों ने सरकार से यह भी पूछा कि नौकरियां देने का गुणगान करने वाली सरकार सदन को ये भी बता दे कि उन्होंने अपने कार्यकाल में कितने कर्मचारियों को सेवामुक्त किया है। इसके बाद भाजपा विधायक पवन सैनी ने रेवाड़ी के मनेठी गांव में खुलने वाले एम्स को हरियाणा का पहला एम्स बताते हुए पीएम मोदी का धन्यवाद किया। लेकिन इसी विरोध में कांग्रेसी विधायक फिर भड़क गए।
उनका कहना था कि उनकी यूपीए सरकार ने हरियाणा का पहला एम्स झज्जर के बाढ़सा में पास किया था और आज भी वहां ओपीडी चल रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने राज्यपाल से भी गलत तरीके से अभिभाषण में रेवाड़ी के एम्स को प्रदेश का पहला एम्स कहवाया है। जोकि निंदनीय है। इसी बात को लेकर पूर्व मंत्री गीता भुक्कल और कृषि मंत्री ओपी धनखड़ में भी तीखी बहस हुई।
इस पर हरियाणा के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि रेवाड़ी के मनेठी में 1100 करोड़ रुपये की लागत से देश का 22वां एम्स बनाया जाएगा। इसके लिए औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि झज्जर जिले के बाढ़सा में बनाया गया राष्ट्रीय कैंसर संस्थान देश का पहला सबसे बड़ा अस्पताल है, जोकि एम्स के विस्तार संस्थान के तौर पर काम करेगा।
विधायक असीम को गीता ने सुनाई खरी-खरी
सदन में इसी हंगामे के दौरान विधायक असीम गोयल और गीता भुक्कल में भी तीखी बहस हो गई। कांग्रेसी विधायक भुक्कल ने स्पीकर से कहा कि भाजपा के विधायकों को शिष्टाचार सिखाया जाए, उन्हें हिदायत दी जाए कि वे सभ्य भाषा का इस्तेमाल करें। जवाब में विधायक असीम गोयल ने जब बहस जारी रखी, तो गीता भुक्कल ने उनसे कहा कि वे बेटी-बचाओ, बेटी पढ़ाओ का बैज लगाते घूमते हैं, लेकिन हैरानी की बात यह कि एक पढ़ी लिखी बेटी (गीता) से बात करने तक की तमीज उन्हें नहीं है।
रोहतक, झज्जर जलवाया...इस पर भी हंगामा
इसी बहसबाजी में कृषि मंत्री ने अपनी तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेसियों पर रोहतक और झज्जर को जलवाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि जो लोग इन जिलों में विकास की बात कर रहे हैं, वे क्यों भूल गए कि उन्होंने ही इन शहरों को जलवाया था। इस पर भी कांग्रेसी विधायकों ने जमकर हंगामा किया।