सियासत: मान को सैनी की नसीहत, विधानसभा के भवन पर घटिया राजनीति न करें
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा का चंडीगढ़ में नया भवन बनाने को लेकर पंजाब व हरियाणा के नेता आमने-सामने आ गए हैं। पंजाब के नेताओं की टिप्पणी के बाद हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पर हरियाणा का भी हक है। पंजाब के नेताओं को विधानसभा के विषय पर घटिया राजनीति नहीं करनी चाहिए। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को नसीहत देते हुए उन्होंने कहा- पंजाब सरकार लोगों के हित के लिए काम करें। हरियाणा पंजाब का छोटा भाई है। इसलिए ऐसी बयानबाजी करके भाई चारा को खराब न करें।
पंजाब सरकार किसानों की फसल नहीं खरीद रही और न ही किसानों को एमएसपी दिया जा रहा है। इससे पंजाब के किसान परेशान हैं। किसानों के हित में पंजाब सरकार को कदम उठाना चाहिए। पंजाब की स्थिति को बेहतर करें न कि हरियाणा की चिंता करें। पंजाब के नेताओं ने ही अपने राजनीतिक स्वार्थ के कारण एसवाईएल से हरियाणा के हिस्से का पानी रोक रखा है और अब विधानसभा बनने से रोकने की बात कर रहे हैं। पंजाब के लोग तो हरियाणा से प्यार करते हैं। पंजाब का किसान भी चाहता है कि हरियाणा को एसवाईएल का पानी मिले। पंजाब के नेता घटिया राजनीति करने का काम करते हैं।
जनता सिखाएगी सबक
नायब सैनी ने निशाना साधते हुए कहा कि पंजाब की पूर्व की सरकारों ने भी ऐसी ही राजनीति करने का काम किया है। कांग्रेस और आम आदमी पार्टी एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। दोनों ने ही पंजाब के लोगों के हित के लिए कार्य नहीं किया। लोग सब कुछ जानते हैं और जनता पंजाब की सरकार को सबक सिखाने का काम करेगी। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने बातें बहुत ज्यादा की, लेकिन धरातल पर काम नहीं किया। इसलिए किसान कांग्रेस से नाराज हैं। किसान अंतर देखता है कि किसने कितना काम किया है। कांग्रेस के पास नीति और नीयत नहीं थी, जबकि हमारे पास नीति है और नीयत भी है। हम लगातार किसानों को आगे बढ़ाने का काम कर रहे हैं।