पूर्व केंद्रीय मंत्री व बठिंडा से शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल ने आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी व पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पर निशाना साधा। हरसिमरत ने कहा कि भाजपा कितनी भी कोशिश कर ले लेकिन उसे पंजाब में बड़ा जीरो ही मिलने वाला है। वहीं पंजाब कांग्रेस विफल होने जा रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को सीएम से ज्यादा 'ड्रामा मंत्री' बताया। हरसिमरत कौर बादल ने आम आदमी पार्टी पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के लिए राजनीति सिर्फ एक बिजनेस है। पंजाब के लोगों को सपने दिखाने से पहले अरविंद केजरीवाल को दिल्ली में अपने वादों को पूरा करने की जरूरत है। केजरीवाल को चुनाव से पहले दूसरे राज्यों में जाने के बजाय अपने राज्य में अधिक समय बिताना चाहिए।
सुखबीर बादल ने किसानों से किया बड़ा वादा
शिरोमणि अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा कि हमारी सरकार बनने पर किसी भी फसल के नुकसान पर किसानों को फसल बीमा के रूप में 50000 रुपये प्रति एकड़ दिया जाएगा। 2004 के बाद ज्वाइन करने वाले कर्मचारियों के लिए पेंशन योजनाओं को फिर से शुरू किया जाएगा। पंजाब में मंदिर, गुरुद्वारा, मस्जिद और चर्च को मुफ्त बिजली मिलेगी। सुखबीर ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी विफल हो जाएगी। पंजाब में क्षेत्रीय दल को ही सफलता मिलेगी।