कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दिखाए काले झंडे।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
कृषि विधेयकों के खिलाफ शिअद अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और सांसद हरसिमरत कौर बादल की अगुवाई में जिले के बाकी हिस्सों से अकाली दल के कार्यकर्ताओं और नेता शहर से होकर श्री दमदमा साहिब की ओर जा रहे थे। इस बीच अमृतसर राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित घनइया चौक पर कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने अकालियों को काले झंडे दिखाए। इसके अलावा कांग्रेसियों ने सांसद सुखबीर बादल एवं हरसिमरत कौर बादल मुर्दाबाद के नारे लगाए।
इस प्रदर्शन में पहुंचे कांग्रेसी नेता जयजीत सिंह जोहल ने कहा कि सांसद हरसिमरत कौर बादल ने केंद्रीय मंत्री पद से इस्तीफा देकर प्रदेश के किसानों एवं जिले के लोगों की आंखों में धूल झोंकने का प्रयास किया है। हरसिमरत के इस्तीफे को ड्रामा करार देते हुए कांग्रेसी नेता ने कहा कि जब कृषि विधेयक संबंधी केंद्र सरकार बैठक करती थी तो उस समय विरोध क्यों नहीं किया, जब विधेयक पास किया जाने लगा तो ड्रामा करते हुए हरसिमरत ने इस्तीफा दिया।
उन्होंने कहा कि अगर शिअद नेता किसानों के सच्चे हमदर्द होते तो वो इस्तीफा देने से पहले शिअद का नाता भाजपा से तोड़ लेते। कांग्रेसी नेता ने कहा कि शिअद के ड्रामे को किसान एवं प्रदेश के लोग जानते हैं। शिअद सिर्फ किसानों के नाम पर राजनीति करता आया है। कांग्रेस के इस प्रदर्शन में महिला कांग्रेस कार्यकर्ता भी शामिल थीं।