चंडीगढ़। साल के अंतिम दिन भारत ने एशिया कप जीतकर लोगों के जश्न में दोगुना जोश भर दिया। यूएई में शुक्रवार को खेले गए फाइनल में भारत ने श्रीलंका टीम को 9 विकेट से हरा दिया। इस टूर्नामेंट में दो लोकल हीरो हरनूर सिंह और राजअंगद बावा का खास योगदान रहा। उनके प्रदर्शन से दोनों परिवार में खुशी का माहौल है। खास बात यह है कि हरनूर सिंह के चाचा भूपिंदर सिंह ने ढाका में 1989 में खेले गए पहले एशिया कप में बेस्ट प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट का अवार्ड जीता था। अब हरनूर सिंह ने बेस्ट प्लेयर ऑफ टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया है। राजअंगद बावा ने भी लाजवाब प्रदर्शन करते हुए विकेटों की झड़ी लगाई।
यह दोनों खिलाड़ी भारत आने की बजाय सीधे वेस्टइंडीज के लिए रवाना हो रहे है। वेस्टइंडीज में अंडर-19 वर्ल्ड कप खेला जाना है। हरनूर और राजअंगद बावा का चयन वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में पहले ही हो चुका है। वेस्टइंडीज में अंडर-19 वर्ल्ड कप 14 जनवरी से 5 फरवरी तक खेला जाना है।
एशिया कप में खिलाड़ियों का प्रदर्शन
हरनूर सिंह
यूएई के खिलाफ शतक जमाते हुए 120 रन की पारी खेली।
पाकिस्तान के खिलाफ 46 और अफगानिस्तान के खिलाफ 65 रन बनाए।
राजअंगद बावा
एशिया कप में कुल 8 विकेट चटकाए।
अफगानिस्तान के खिलाफ 23, बंग्लादेश के खिलाफ 23 रन और पाकिस्तान के खिलाफ 25 रन की पारी खेली।
दोनों ही खिलाड़ी एसडी कॉलेज से कर रहे बीए
हरनूर सिंह सेक्टर- 30 के रहने वाले और एसडी कॉलेज सेक्टर- 32 में बीए प्रथम वर्ष के छात्र हैं। राज सेक्टर- 50 निवासी और वह भी इसी कॉले में बीए प्रथम वर्ष में पढ़ते हैं।
परिवार में खुशी, बोले- वर्ल्ड कप से लौटने के बाद बेटों के साथ मनाएंगे जश्न
क्रिकेट कोच राजअंगद बावा के पिता सुखविंदर बावा ने बताया कि एशिया कप जीतने के बाद घर में खुशी का माहौल है। घर पर पिता ने दादी को मिठाई खिलाकर खुशी मनाई। पिता ने कहा वर्ल्ड कप खेल कर आने के बाद बेेटे के साथ मिलकर खुशी मनाएंगे। हरनूर सिंह के पिता बिरेंद्र सिंह ऑल इंडिया रेडियो में सीनियर अनाउंसर और उनकी माता कमलप्रीत कौर गृहिणी हैं। पिता ने कहा मेरे सहित पूरे परिवार के लिए आज दोहरी खुशी का दिन है, क्योंकि वर्ष 1989 में ढाका में पहले एशिया कप खेला गया था। उस समय हरनूर के चाचा भूपिंदर सिंह ने भारतीय टीम से खेलते हुए बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता था। इसके बाद वर्ष 2021 में अब भतीजे हरनूर ने उसी टूर्नामेंट में बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता।