सेक्टर-17 की साहिब सिंह और इंपायर स्टोर की पार्किंग बंद करने के फैसले के खिलाफ भाजपा में गुटबाजी उफान पर है। बुधवार व्यापारियों की ओर से बुलाई प्रेसवार्ता में पूर्व केंद्रीय मंत्री हरमोहन धवन ने इसके लिए सिर्फ मेयर अरुण सूद और भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन को जिम्मेदार बताया। धवन ने कहा कि यह दोनों हवाई नेता हैं, ये जमीन से जुड़े नेता नहीं है। सिर्फ प्रेसनोट की राजनीति करते हैं।
फील्ड की जानकारी नहीं है। धवन ने कहा वह अभी तक के राजनीतिक जीवन में जनता के लिए 13 बार जेल जा चुके हैं। ये नेता जनता का कह छीनकर आगे बढ़ना चाहते हैं। ये कभी जनता के लिए जेल नहीं गए। हां विजिटर बनकर जेल देखने जरूर गए हैं। जब उन्होंने राजनीति शुरू की तब मेयर और टंडन 10 से 12 साल के बच्चे थे। धवन ने कहा कि पार्किंग बंद करने का फैसला सिर्फ मेयर अरुण सूद का है। इससे भाजपा का कोई लेना देना नहीं है। मेयर अरुण सूद और भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन ने सेक्टर-17 के व्यापारियों से वादाखिलाफी की है। मल्टीलेवल पार्किंग को चलाने के लिए साहिब सिंह और इंपायर स्टोर की पार्किंग बंद करने में किसी भी भाजपा पार्षद से कोई राय नहीं ली गई। उन्होंने कहा कि मेयर भाजपा और सेक्टर-17 को हानि पहुंचा रहे हैं। इस मामले में सांसद किरण खेर व्यापारियों के हक में प्रशासन के अधिकारियों से बात कर रही हैं।
धवन ने प्रेसवार्ता में कहा कि पार्किंग बंद करने के फैसले में किसी निजी कंपनी को फायदा पहुंचाने की किसी की वित्तीय रुचि भी हो सकती है। धवन ने कहा कि स्मार्ट सिटी के नाम पर बाजार को बर्बाद करने की साजिश रची गई है। पार्किंग बंद करने का फैसला मेयर का निजी है।
मेयर का इस्तीफा मांगा
प्रेसवार्ता में व्यापारियों ने मेयर अरुण सूद के इस्तीफे की मांग की। इस प्रेसवार्ता में भाजपा समर्थित व्यापारी भी मौजूद रहे। बिजनेस काउंसिल के अध्यक्ष नीरज बजाज का कहना है कि उनका संघर्ष जारी रहेगा। इस दौरान जेपीएस कालरा, संजीव चड्ढा, वीरेंद्र गुलेरिया, कमलजीत पंछी सहित कई अन्य नेता उपस्थित रहे।
आज सेक्टर-17 में रहेगा ब्लैक आउट
प्रेसवार्ता में बिजनेस प्रमोशन काउंसिल के अध्यक्ष नीरज बजाज ने कहा कि व्यापारियों का संघर्ष जारी रहेगा। वीरवार को फैसले के खिलाफ रात 7 से 9 बजे के बीच बाजार में ब्लैक आउट रहेगा। इस दौरान किसी भी दुकान में बिजली नहीं जलेगी।
धवन के साथ व्यापारियों ने किया प्रदर्शन
बुधवार को 9 से 11 बजे तक धवन सहित व्यापारियों ने निगम के गेट पर प्रदर्शन किया। इस दौरान किसी भी अधिकारी को अपने वाहन लेकर भीतर नहीं जाने दिया गया। व्यापारी चाहते थे कि कमिश्नर और मेयर की गाड़ी को रोका जाए और उन्हें अपनी कार मल्टीलेवल में पार्क करने के लिए पैदल आने को कहा जाए। लेकिन दोनों ही 11 बजे तक निगम कार्यालय नहीं आए। इस दौरान बुधवार को दोपहर एक बजे तक सेक्टर-17 का बाजार विरोध स्वरूप बंद रखा गया।
धवन के लिए पार्टी संज्ञान लेगी : मेयर
मेयर अरुण सूद का कहना है कि वह व्यापारी के साथ हूं और आगे भी रहूंगा लेकिन धवन कुछ व्यापारियों को गुमराह करके राजनीतिक स्वार्थ को बढ़ावा दे रहे हैं। हरमोहन धवन के लिए पार्टी संज्ञान लेगी। उनके पास कार्रवाई का अधिकार नहीं है। धवन उनके सीनियर नेता हैं और वह उनकी इज्जत करते हैं। अगर कोई मतभेद है तो उसे पार्टी प्लेटफॉर्म लाना चाहिए।