देर रात मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद बुधवार को शहर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई।
- फोटो : Amar Ujala
देर रात मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद बुधवार को शहर के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। शहर का अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम तापमान 20.5 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। दिन के तापमान में सामान्य से पांच डिग्री और न्यूतनम तापमान में 3 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। वहीं 24 घंटे में 20.9 एमएम बारिश दर्ज की गई। सुबह होते ही लोगों को सुहाने मौसम का अहसास हुआ।
बुधवार को लोग दिन में सुखना लेक, रोज गार्डन, रॉक गार्डन में मौसम का लुत्फ उठाने पहुंचे। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंदर पाल ने बताया कि 14 मई तक बारिश के आसार बने हुए हैं। इसलिए फिलहाल गर्मी से कुछ राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि 14 मई तक अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री तक रहेगा। वहीं पंजाब और हरियाणा में अगले 12 घंटों में तेज आंधी के आसार हैं। वेस्टर्न डिस्टरबेंस का असर सबसे अधिक चंडीगढ़ में है। इसलिए यहां मौसम में बदलाव जारी रहेगा।
शहर में कई जगह बिजली हुई गुल
बारिश और आंधी के बाद कई जगह शहर में बिजली गुल हो गई। मनीमाजरा, सेक्टर-26, 19 सहित कई जगह अघोषित कट लगे। इसकी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 101 पर लोग लगातार कॉल करते रहे।