पंचकूला के भाजपा विधायक व पार्टी के मुख्य सचेतक ज्ञानचंद गुप्ता को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट की ओर से नोटिस जारी किया गया है। मामला प्रदेश सरकार की ओर से उन्हें मंत्री पद का दर्जा देने का है। हरियाणा में चार मुख्य संसदीय सचिवों की नियुक्ति को चुनौती देने वाली जनहित याचिका के तहत ही याची की तरफ से एक अर्जी दाखिल कर विधायक ज्ञानचंद गुप्ता और प्रदेश के एडवोकेट जनरल को मंत्री पद का दर्जा दिए जाने का मुद्दा भी उठाया गया था।
मामले पर पिछली सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने एडवोकेट जनरल को नोटिस जारी करने से इंकार कर दिया। हालांकि अदालत ने ज्ञानचंद गुप्ता समेत सभी प्रतिवादियों को नोटिस जारी किया था, लेकिन सोमवार को अर्जी के तकनीकी आधार के मद्देनजर हाईकोर्ट ने विधायक ज्ञानचंद गुप्ता को सीधे तौर पर नोटिस जारी किया। अब मामले की अगली सुनवाई 3 नवंबर को होगी।