शुक्रवार को जब गुरदास मान टैगोर थिएटर के मंच पर गाएंगे तो उनका उद्देश्य कुछ खास होगा। वह टैगोर थिएटर में शाम साढ़े 6 बजे ब्रेस्ट कैंसर के लिए अपने सुर सजाएंगे। यह आयोजन करने जा रहा है रानी ब्रेस्ट कैंसर ट्रस्ट (आरबीसीटी)।
गुरदास मान ने चंडीगढ़ के प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि उनकी कोशिश है कि जिस तरह से मुंबई में कलाकारों की मदद करने के लिए सोसाइटी बनी है उसी तरह वह पंजाब में भी ऐसी सोसायटी बनाए जो कैंसर या अन्य बीमारियों से ग्रस्त मरीजों की मदद करे।
पंजाब के गायक बरकत सिद्धू के लिए उनका प्रयास है कि यहां के कलाकारों को साथ लेकर मदद करें। उन्होंने कहा कि आमतौर पर महिलाएं ब्रेस्ट कैंसर को छुपाने की कोशिश करती हैं। ऐसा करना ही उनके लिए घातक है। यदि कहीं से ऐसा लगता है तो मैमोग्राफी करवानी चाहिए। इससे उनको बीमारी का सही पता लग सकेगा और इलाज भी संभव है।
इस मौके पर रानी ब्रेस्ट कैंसर ट्रस्ट की बिट्टू संधू ने कहा कि चालीस साल की अवस्था की महिलाओं को अपनी मेमोग्राफी करवानी चाहिए और बीस साल की गर्ल्स को भी चेकअप करवाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उनका ट्रस्ट ऐसी महिलाओं की मदद करने में विश्वास रखता है।