चंडीगढ़ से आप प्रत्याशी और अभिनेत्री गुल पनाग ने कहा कि उन्हें तो यहां मोदी की कोई लहर नहीं दिखाई दी, लहर केवल आप की, आप लोगों की है।
गुल ने शनिवार को अमृतसर से आप उम्मीदवार डॉ. दलजीत सिंह के पक्ष में मोटरसाइकिल रैली की। उन्होंने कहा कि जेटली को तो अमृतसर हारने के लिए भेजा गया है। बीजेपी अब सिर्फ मोदी की गुलाम बनकर रह गई है। जब भाजपा के सीनियर नेता एलके आडवाणी, जसवंत सिंह और यशवंत सिन्हा दरकिनार कर दिए गए तो जेटली की क्या बिसात है। जब चाहे मोदी उन्हें भी किनारे लगा सकते हैं।
कंपनी बाग में महात्मा गांधी के बूत के सामने से यह रैली शुरू हुई। इस दौरान पनाग एक खुली जिप्सी में सवार थी। डॉ. दलजीत सिंह ने भी लोगों को आम आदमी पार्टी की नीतियों के संबंध में जागृत करते हुए वोट देने की अपील की। गुल पनाग की गाड़ी के पीछे-पीछे आप के युवा वर्कर मोटरसाइकिल पर कांग्रेस और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी करते जा रहे थे। मीडिया के साथ बातचीत में गुल ने कहा कि आप को वोट देकर हर शहरी खुद को वोट करेगा।
सत्ता हर आम हाथ में होगी। यह पहली बार है कि डॉ. दलजीत सिंह जैसे बेहद सुलझे हुए, समझदार उम्मीदवार अमृतसर की जनता के सामने है। हमें विश्वास है कि डॉ. दलजीत शहर की सभी समस्याओं का निदान कर देगें।
बीजेपी और कांग्रेस के बारे में गुल ने कहा कि चुनाव तो इन पार्टियों की नूरा कुश्ती होती है। जनता को इस भ्रम में रखते हैं कि जीत कर वह कुछ करेंगे। कभी न कुछ किया, न करेंगें। गुल और डॉ. दलजीत सिंह ने स्वर्ण मंदिर, दुर्ग्याणा मंदिर और जलियांवाला बाग भी गए।