गुरु नगरी के लोगों की सेवा करने के लिए अपने संकल्प को पूरा करते हुए कई तरह की चर्चाओं और विरोधों के बीच अकाली-भाजपा प्रत्याशी अरुण जेटली ने मंगलवार को ग्रीन एवेन्यू स्थित अपने घर में गृह प्रवेश कर लिया।
जेटली ने सबसे पहले श्री सुखमणि साहिब के पाठ में हाजिरी लगाई। इसके बाद हवन के जरिए घर की शुद्धि करवाई। जेटली ने कई बार कहा है कि वह गुरु नगरी की सेवा करना चाहते हैं और उनके लिए विकास की नई दरें पैदा करना चाहते हैं।
उन्होंने और उनके परिवार ने यही कहा है कि वह अमृतसर में ही रहेंगे और यहीं रहकर लोगों की सेवा करेंगे। जेटली ने पिछले दिनों लिखे अपने ब्लॉग में कहा था कि कैप्टन ने मुझे एक बाहर का आदमी कहा था।
उनके विपरीत मेरी रगों में सौ प्रतिशत माझा का खून है। मैंने वादा किया था कि मेरा यहां आवासीय आधार होगा क्योंकि यह मेरा पैतृक शहर है।
मैंने उन वादों को लागू किया है। कैप्टन का अपने बारे में क्या विचार है। अमृतसर के लोगों और पटियाला पैलेस के बाहर कैप्टन से मिलने के लिए कितने दिनों तक इंतजार करना होगा।
जेटली के गृह प्रवेश के अवसर पर बलराम दास टंडन, रजिंदर मोहन सिंह छीना, प्रो. लक्ष्मीकांता चावला, अमर शर्मा, डॉ. बलदेव राज चावला, राजिंदर भंडारी और तरुण चुग सहित अन्य बीजेपी वर्कर उपस्थित थे।