सेवाओं में सुधार के लिए ट्विटर व फेसबुक का सहारा
मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ बातचीत करने और विभिन्न विभागों की सेवाओं में सुधार लाने के लिए सभी ट्विटर और फेसबुक उपयोगकर्ताओं को आमंत्रित करने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य बनने की दिशा में अग्रसर है। मुख्यमंत्री के अतिरिक्त प्रधान सचिव डॉ. राकेश गुप्ता की अध्यक्षता में मंगलवार को पंचकूला में सोशल मीडिया शिकायत निवारण तंत्र पर आयोजित कार्यशाला में ये जानकारी दी।
डॉ. गुप्ता ने कहा कि विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतों का त्वरित, शीघ्र और समय पर निवारण करने के लिए हरियाणा 15 मई 2017 को एकीकृत सामाजिक मीडिया ट्रैकर-ट्विटर एवं फेसबुक लांच करेगा। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) या सरकार को सोशल मीडिया के माध्यम से भेजी जाने वाली सभी प्रासंगिक अल्पकालिक शिकायतों की पहचान, कार्रवाई और समाधान करने के लिए ऑनलाइन शिकायत निवारण तंत्र की स्थापना की जा रही है।
इसके अलावा मुख्यमंत्री कार्यालय ईमेल के माध्यम से प्राप्त सुझावों को भी इस प्रणाली के माध्यम से हल किया जा सकता है। यह ट्रैकर नागरिकों को सरकार के साथ आसानी से बातचीत करने का मंच उपलब्ध करवाएगा। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट की बैठक आयोजित की गई, जिसमें उन्हें सोशल मीडिया पर शिकायतों का जवाब देने के लिए राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र की आधिकारिक ईमेल का इस्तेमाल करने के निर्देश दिए गए।