पंजाब में धान की सरकारी खरीद आज से शुरू होगी, लेकिन खरीद से एक दिन पहले सरकार आढ़तियों को मनाने में नाकाम रही। आढ़ती एसोसिएशन मंगलवार को हड़ताल पर जाने के फैसले पर कायम है। साथ ही शेलर मालिक भी धान न उठाने के फैसले पर अड़े हैं।
तरनतारन में भारतीय किसान यूनियन राजेवाल के सीनियर उप प्रधान अमरजीत सिंह कालवां व चेयरमैन यादविंदर सिंह रुड़े आसल ने कहा कि किसानों से सरेआम लूट हो रही है। बासमती के रेट बहुत कम हैं, जिससे किसानों की लागत भी पूरी नहीं होती। प्रति एकड़ 20 से 22 हजार रुपये घाटा उठाना पड़ रहा है। सरकार धान की लूट करने के लिए पंचायती चुनाव का एलान करके लोगों को चुनाव में व्यस्त करके मंडियों में धान की बर्बादी कर उसे कम रेट पर खरीद रही है।
तरनतारन में सोमवार को माझा और दोआबा जोन के पांच जिलों के राइस मिल्स एसोसिएशन की मीटिंग हुई। इस मीटिंग की अध्यक्षता राइस मिल्स एसोसिएशन के प्रधान अवतार सिंह तनेजा ने की। मीटिंग में तरनतारन, अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर, पठानकोट जिलों से राइस मिलर पहुंचे थे। मीटिंग में सर्वसम्मति से माझा दोआबा राइस मिल्स ऑर्गेनाइजेशन नाम से एसोसिएशन का गठन करने का फैसला लिया गया। इसमें पांच जिलों के प्रधान इस कमेटी के मेंबर होंगे। इसमें तरनतारन के अवतार सिंह तनेजा, अमृतसर से राकेश सलवान, गुरदासपुर से बलविंदर सिंह हरोवाल, होशियारपुर से अजीत, पठानकोट से राहुल सिंह सलारिया और संजीव आनंद मेंबर होंगे। पांच जिलों की सभी मांगें सरकार तक पहुंचाएंगे।