चंडीगढ़। सिगरेट मांगने पर दो पक्षों के युवकों में कहासुनी हो गई और देखते ही देखते इनके बीच मारपीट भी शुरू हो गई। एक युवक को काफी चोटें भी आईं। मारपीट करने वाले युवकों ने दूसरे पक्ष को पुलिस में शिकायत देने पर जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए। सूचना पाते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को जीएमसीएच-32 में दाखिल करवाया। पुलिस ने अब घायल जय करण के बयानों पर दूसरे पक्ष के खिलाफ औद्योगिक क्षेत्र थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिकायतकर्ता पीड़ित जय करण निवासी गांव हल्लोमाजरा ने बताया कि 24 सितंबर की देर रात में वह करीब एक बजे साथी बबलू और शुभम के साथ एलांते मॉल के नजदीक ऑटो स्टैंड पर चाय पीने के लिए गया था। इसी दौरान उनके सामने से बाइक पर तीन युवक आकर रूके, जिनमें से वह गोपी और कृष्ण को जानता था जबकि तीसरे की उसे पहचान नहीं थी। इन युवकों ने उनसे एक-एक कर तीनों से सिगरेट मांगी तो इन्होंने कहा कि उनके पास सिगरेट नहीं है। मना करने पर दूसरे पक्ष ने उनके साथ गाली-गलौच शुरू कर दी। जब उन्हें गालियां देने से मना किया तो उन्होंने बाइक से नीचे उतरते ही मारपीट शुरू कर दी। बीचबचाव करने आए उसके दोस्त बबलू और शुभम के साथ भी मारपीट की गई। हालांकि उन्होंने मदद के लिए 112 पर फोन कर दिया लेकिन मारपीट करने वालों ने कहा कि अगर उन्होंने पुलिस को कोई भी शिकायत दी तो वह उन्हें बाद में देख लेंगे और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। इसके बाद मारपीट में घायल हुए जय करण को पुलिस ने अस्पताल में पहुंचाया और उसके बयानों पर मारपीट करने वाले कृष्ण, गोपी और अन्य के खिलाफ धारा 115 (2), 126 (2), 351 (2), 351 (3), 3 (5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।