अगर आप घर से ऑफिस के लिए लेट हो रहे हैं और जल्द से जल्द ऑफिस पहुंचने के लिए ऐसे रास्ते से जाना चाहते हैं जहां आपको ट्रैफिक न मिले तो आप गूगल मैप्स की मदद ले सकते हैं। इसके नए फीचर के जरिए आपको ट्रैफिक अलर्ट की जानकारी मिल सकेगी कि किस रास्ते पर ज्यादा ट्रैफिक है और किस पर कम।
साथ ही किस रास्ते से आपको कितना समय लगेगा। वीरवार को सेक्टर-35 स्थित एक होटल में गूगल मैप्स के नए फीचर को लॉन्च करते हुए प्रोडक्ट मैनेजर संकेत गुप्ता ने कहा कि गूगल मैप्स ने लोगों की जरूरत को ध्यान में रखते हुए 6 नए फीचर जोड़े हैं।
इनमें लाइव ट्रैफिक अपडेट, रियल टाइम ट्रैफिक, ऑफलाइन मैप्स, बुक ए कैब, हिंदी मैप्स और लोकल गाइड्स के फीचर शामिल हैं। इसे देशभर के 34 शहरों में लॉन्च किया गया है। वहीं जब आप कहीं ऐसी जगह जा रहे हैं जहां आपको इंटरनेट कनेक्शन न मिलने का अंदेशा हो तो पहले ही वहां का मैप डाउनलोड कर लें।
यह ऑफलाइन मैप्स गूगल का नया फीचर है। यह आपको बिना इंटरनेट के भी पूरा मैप दिखाएगा। इसके अलावा इस एप पर अब कैब बुक करने की सुविधा भी मौजूद है।