चंडीगढ़। सेक्टर-21 में बंद पड़े एक मकान से चोरों ने लाखों का सामान चुरा लिया। मकान मालिक अपने पिता का इलाज करवाने अमेरिका गए हुए हैं। घर से लाखों के गहने, 15 जोड़ी जूते, दो एलईडी, कॉस्मेटिक सामान सहित अन्य सामान चोरी हुआ है। बुधवार सुबह पड़ोसियों की सूचना के बाद सेक्टर-19 थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच टीम जांच में जुट गई है। गीतिका की शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार नवदीप सिंह कोठी की पहली मंजिल पर परिवार के साथ रहते हैं। पिछले सप्ताह पिता का इलाज करवाने वह अमेरिका गए थे। इस दौरान वह अपनी पत्नी को हरियाणा के करनाल स्थित उसके मायके छोड़ आए थे। उन्होंने अपने पड़ोसी को गमले में पानी डालने की जिम्मेदारी दे रखी थी। बुधवार सुबह पड़ोसी ने देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ था। इसकी सूचना तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम में दी। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने में जुटी है।