जो यूटी प्रशासन नहीं कर पाया वह नारी जागृति मंच की महिलाओं ने कर दिखाया है। सरकारी सिस्टम को आईना दिखाते हुए नो प्रॉफिट नो लॉस पर मंच की महिलाएं रविवार को प्याज वितरण करेंगी। शिविर में 65 रुपये प्रति किलो की दर से प्याज का वितरण किया जाएगा। श्री हनुमत धाम परिसर में मंच की महिलाएं यह स्टॉल लगाएंगी।
गौरतलब है कि चंडीगढ़ शहर में एक महीने से प्याज की कीमतें आसमान छू रही हैं। यहां तक कि इस बार ट्राइसिटी में 140 रुपये की दर से प्याज बेंचा गया है। हैरानी यह रही कि कीमतें इतनी बढ़ने के बाद भी यूटी प्रशासन की ओर से नो प्रॉफिट और नो लॉस का स्टॉल नहीं लगाया गया।
स्थानीय लोगों की ओर से इस बाबत कई बार मांग भी की गई। लेकिन प्रशासन इस ओर मौन रहा, अब नारी शक्ति ने प्रशासन को आईना दिखाने का बीड़ा उठाया है। नारी जागृति मंच की ओर से महिलाओं ने एकजुट होकर नो प्रॉफिट एंड नो लॉस के स्टॉल लगाने का फैसला किया है। यह शिविर सेक्टर-40 के श्री हनुमत धाम मंदिर परिसर में 12 बजे दोपहर को लगाया जाएगा। शिविर में मंच की महिलाएं 65 रुपये की दर से प्याज का वितरण करेंगी।
शहर में 110 रुपये में बिक रहा प्याज
इन दिनों चंडीगढ़ शहर की अपनी मंडी में 110 रुपये प्रति किलों की दर से प्याज बेचा जा रहा है। सेक्टर-26 की मंडी में 100 रुपये की दर से प्याज का वितरण हो रहा है। नासिक और अलवर से आने वाले प्याज की थोक की कीमत 75 से 80 रुपये है।