चंडीगढ़ पुलिस में ट्रेनिंग पर चल रही महिला कांस्टेबल की बहन ने सेक्टर 41 स्थित अपने घर में चुन्नी से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना का पता उस वक्त लगा, जब परिवार जीएमसीएच 32 से दवा लेकर वापस घर लौटा। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस को दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को फंदा से उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मृतका की पहचान सेक्टर 41 निवासी सपना पाल (24) के रूप में हुई है। पुलिस को शुरुआती जांच में कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। सेक्टर 39 थाना पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
घटना शनिवार दोपहर करीब 12.30 बजे की है। सूचना मिली कि सेक्टर 41 स्थित मकान में युवती फंदे से लटकी हुई है। सूचना पर सेक्टर 39 थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर युवती को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस जांच में सामने आया कि सपना के माता-पिता सुबह जीएमसीएच 32 में दवा लेने के गए थे, जबकि उसके दोनों भाई दूसरे कमरे में टीवी देख रहे थे।
इस दौरान सपना ने अपने कमरे में पंखे से चुन्नी के सहारे फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सपना ने हाल में ही बीए की पढ़ाई पूरी की थी और वह अब स्टेनो की कोचिंग कर रही थी। सपना पांच भाई बहनों से में सबसे छोटी थी। उसकी बड़ी बहन का चंडीगढ़ पुलिस में कांस्टेबल पद पर सिलेक्शन हुआ है। फिलहाल सेक्टर 39 थाना पुलिस सपना के मौत कारणों की छानबीन कर रही है। पुलिस का कहना है कि सपना का पोस्टमार्टम जीएमएसएच-16 में करवाया जाएगा।
सात महीने पहले हुई शादी.. अब लगाया फंदा
उधर, सेक्टर 56 स्थित एक मकान में शनिवार दोपहर करीब 1.30 बजे 20 वर्षीय नवविवाहित इंद्रकला ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इंद्रकला की शादी सात महीने पहले हुई थी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव को जीएमएसएच-16 के मोर्चरी में रखवा दिया है।
पुलिस जांच में सामने आया कि इंद्रकला का परिवार मूलरूप से बिहार निवासी है। शनिवार सुबह उसका पति काम पर चला गया। इस दौरान इंद्रकला ने आत्महत्या कर ली। पुलिस अब मृतका के पति और उसके परिवार से पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच शुरू कर दी गई है कि कहीं इनके बीच कोई लड़ाई झगड़ा तो नहीं हुआ है या फिर इंद्रकला को किसी तरह से परेशान किया जाता हो। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मामला साफ हो सकेगा।