सेक्टर-16 मार्केट का एक करोड़ 65 लाख 50 हजार रुपये से कायाकल्प होगा। इस बजट से मुख्य रूप से मार्केट का ड्रेनेज सिस्टम और पार्किंग की हालत सुधारी जाएगी।
हुडा की तरफ से एरिया एसडीओ एनके पायल सहित अन्य अधिकारियों ने पार्षद भावना गुप्ता के कहने पर बुधवार को इस मार्केट का दौरा किया।
इस दौरान पार्षद ने हुडा अधिकारियों को ऐसी कई समस्याएं बताईं, जिनके चलते मार्केट के दुकानदारों को परेशानी उठानी पड़ती है।
भावना गुप्ता ने कहा कि सबसे बड़ी समस्या मार्केट के ड्रेनेज सिस्टम की है। पानी की निकासी नहीं हो पाती है, जिससे सड़कें टूट जाती हैं। इसके अलावा मार्केट का पार्किंग एरिया खस्ताहाल है।
गुप्ता ने बताया कि हुडा ने 165 लाख रुपये का एस्टीमेट बनाया है, जिसके टेंडर आने वाले कुछ दिनों में जारी हो जाएंगे।
हुडा अधिकारियों ने पार्षद को बताया कि पहले चरण में ड्रेनेज सिस्टम सुचारु किया जाएगा और दूसरे चरण में सर्दियों के बाद कारपेटिंग की जाएगी।
हुडा अधिकारियों के इस दौरे के दौरान मार्केट एसोसिएशन की तरफ से खाली पड़ी होटल साइट की सफाई कराकर इसे बच्चों के खेलने के लिए समतल करने और कच्ची पार्किंग को पक्का करने का भी मसला उठा।
साथ की मंडी की जगह भी बदलने की मांग उठाई गई। हुडा अधिकारियों ने इन समस्याओं को भी जल्द दूर करने का आश्वासन दिया।
इस दौरान कुलदीप गर्ग, प्रवीण कुमार, प्रकाश चंद, एनके अरोड़ा, आरबी पाहुजा, कपिल बहल, बलवंत भारद्वाज, हरजीत सिंह, मोहन लाल गोयल व नरेश गर्ग सहित मार्केट के कई दुकानदार मौजूद रहे।