यूनिवर्सिटी लेवल तक छात्राओं को मुफ्त शिक्षा दी जाएगी इसके लिए जल्द ही काम किया जाएगा। आने वाले दिनों में लड़कियों को पूरी तरह मुफ्त शिक्षा देंगे। यह घोषणा शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने बुधवार को चौधरी देवीलाल विश्वविद्यालय के मल्टीपर्पस हॉल में आयोजित विकास का भारतीय चिंतन के सेमिनार में की।
उन्होंने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग की छात्राएं उच्च शिक्षा के लिए नंबर 0172-2741714 पर अपनी आर्थिक स्थिति अवगत करवाकर सहायता प्राप्त कर सकती हैं। छात्राएं चाहे तो इसके लिए फैक्स भी कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था व्यक्ति के व्यक्तित्व के निर्माण पर निर्भर करती है।
उन्होंने कहा कि भारत का विकास लोगों की मांग व उत्पादन पर निर्भर है, आज समाज ने भारत को धर्म, अर्थ, काम, मोक्ष कई वर्गों में बांट दिया है। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि हमें जीवन विज्ञान सीखना चाहिए। भारत को विकसित करने के लिए पहले स्वयं के आचरण को विकसित करें। उन्होंने कहा कि शिक्षा के साथ-साथ अपने विचारों व संस्कारों को बढ़ावा दें।
पंचायत चुनाव पर बोले -पढ़ी लिखी बहुओं की बढ़ी मांग
पंचायत चुनाव को लेकर शिक्षा मंत्री ने छात्रों के बीच कहा कि अब गांवों में पंचायत चुनाव के लिए अखबारों में पढ़ी लिखी बहुएं चाहिए के विज्ञापन देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसका असर गांवों में देखने को मिलेगा। गांवों में शिक्षा का सुधार होगा। लोग पढ़ेंगे लिखेंगे और बेटियों को भी शिक्षित करेंगे साथ ही जो युवा अनपढ़ रह गए वे चुनाव लड़ने के लिए पढ़ी लिखी बहुएं लाएंगे।